दिल्ली

दिल्ली ब्लास्ट जांच: फरीदाबाद में आतंकी मॉड्यूल से जुड़ी कार जब्त, आसपास का इलाका किया गया सील, IED ले जाने को खरीदी थी कार

लाल किला विस्फोट के संदिग्धों से जुड़ी फोर्ड ईकोस्पोर्ट कार के 200 मीटर के दायरे की पुलिस ने घेराबंदी की है। पुलिस ने बताया कि कार को फरीदाबाद जिले से एक दिन पहले की जब्त किया गया था। खंडावली गांव से कार को जब्त करने के बाद बम निरोधक दस्ता निरीक्षण के लिए पहुंच गया है।

Image

फरीदाबाद में आतंकी मॉड्यूल से जुड़ी कार के आसपास का एरिया सील (Photo-PTI)

लाल किला कार ब्लास्ट के संदिग्धों से कथित तौर पर जुड़ी लाल रंग की ‘फोर्ड इकोस्पोर्ट’ कार के 200 मीटर के दायरे में घेराबंदी की गई है। एक दिन पहले ही इस कार को हरियाणा के फरीदाबाद जिले से जब्त किया गया था। सूत्रों ने बृहस्पतिवार को बताया कि बुधवार शाम फरीदाबाद के खंडावली गांव से कार जब्त किए जाने के बाद बम निरोधक दस्ता निरीक्षण के लिए पहुंच गया है।

अधिकारियों ने बताया कि फरीदाबाद पुलिस ने एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है जिसने कथित तौर पर गांव में कार खड़ी की थी और उसे दिल्ली पुलिस को सौंप दिया गया है। इससे पहले दिल्ली पुलिस ने लाल फोर्ड इकोस्पोर्ट का पता लगाने के लिए सभी पुलिस थानों, पुलिस चौकियों और सीमा चौकियों पर अलर्ट जारी कर दिया था।

IED ले जाने के लिए ली गई थी तीन कार

न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, जांच में यह खुलासा हुआ है कि संदिग्धों ने आईईडी ले जाने के लिए तीन कारें - सफेद हुंदै आई20, लाल इकोस्पोर्ट और एक मारुति सुजुकी ब्रेजा खरीदी थी। पुलिस और कई सुरक्षा एजेंसियां अब तीसरी कार की तलाश में हैं। सूत्रों ने बताया कि फोर्ड इकोस्पोर्ट डॉ. उमर नबी के नाम पर पंजीकृत है, जो कथित तौर पर हुंदै आई20 कार चला था, जिसमें विस्फोट हुआ।

लाल किले की रेकी के लिया इकोस्पोर्ट कार का इस्तेमाल

अधिकारियों ने बताया कि उमर ने लाल किला क्षेत्र की टोह लेने के लिए इकोस्पोर्ट का इस्तेमाल किया था। अधिकारियों ने सोमवार को जम्मू कश्मीर, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में फैले आतंकवादी संगठनों जैश-ए-मोहम्मद और अंसार गजवत-उल-हिंद से जुड़े एक "सफेदपोश आतंकी मॉड्यूल" (White Collar Terrorist Module) का भंडाफोड़ किया। उन्होंने 2,900 किलोग्राम विस्फोटक पदार्थ जब्त किया और फरीदाबाद स्थित अल फलाह विश्वविद्यालय से जुड़े तीन चिकित्सकों समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया।

इसके कुछ घंटे बाद लाल किला मेट्रो स्टेशन के भीड़भाड़ वाले इलाके में एक धीमी गति से चल रही कार में एक जोरदार विस्फोट हुआ, जिसमें 13 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। बृहस्पतिवार को हुए डीएनए परीक्षण से पुष्टि हुई कि विस्फोट वाली कार डॉ. उमर ही चला रहा था। पुलिस की टीम बुधवार को अल-फलाह विश्वविद्यालय और इस मामले में गिरफ्तार किए गए प्रमुख संदिग्धों में से एक डॉ. मुज़म्मिल गनई के घर गईं। उन्होंने विश्वविद्यालय के कई चिकित्सकों और छात्रों से पूछताछ की।

(इनपुट - भाषा)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें