Kanjhawala Accident in Delhi: देश की राजधानी दिल्ली के कंझावाला इलाके में हुए सड़क हादसे में कार से लगभग पांच किलोमीटर तक घसीटे जाने के बाद 20 साल की लड़की की जान चली गई। हादसा इतना दर्दनाक था कि उसके चलते उसकी पीठ की हड्डी टूट गई और पसलियां तक बाहर निकल आईं। लड़की के कपड़े भी पूरी तरह फट गए थे और सिर से लेकर हाथ और पैर पर उसे चोटें आई थीं। हालांकि, पुलिस ने बाहरी दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके में रविवार (एक जनवरी, 2023) को हुई इस चौंकाने वाली घटना के सिलसिले में मारुति बलेनो में यात्रा करने वाले पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) ने मामले में पुलिस को नोटिस जारी किया है और दो टूक पूछा है कि नए साल पर क्या सुरक्षा व्यवस्था की गई थी?
हमारे सहयोगी अंग्रेजी अखबार टीओआई की रिपोर्ट के मुताबिक, महिला शादी समारोहों में सपोर्ट स्टाफ के तौर पर काम करती थी। वह घटना वाली रात सुल्तानपुरी से अपने घर को स्कूटर से लौट रही थी। इसी बीच, वह हादसे का शिकार हुई और ड्राइवर के बगल वाली सीट की तरफ पहिए के नीचे पीछे की तरफ लड़की के पैर फंस गए थे, जबकि उसका चेहरा पहिए की ओर था।
कार से टक्कर के बाद करीब पांच किलोमीटर तक वह घिसटती गई और उसके कपड़े भी इस दौरान फट गए थे। हादसे के बाद नग्न अवस्था में उसकी लाश बरामद की गई थी। पुलिस ने बाद में बताया कि उसकी पीठ की हड्डी (रीढ़) पूरी तरह टूट गई, जबकि हादसे के बाद उसकी पसलियां बाहर निकल आई थीं। यही नहीं, मृतका के माथे, हाथों और पैरों में भी गंभीर चोटें लगी थीं।
महिला की निर्वस्त्र लाश और उसके टूटे पैर का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वैसे, टाइम्स नाउ नवभारत इस वीडियो की सत्यता और प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है। फुटेज में यह भी दावा किया गया कि लड़की से रेप किया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई, लेकिन पुलिस ने इसे महज एक दुर्घटना करार दिया। पुलिस ने समाचार एजेंसी पीटीआई-भाषा को बताया कि कंझावला थाने (रोहिणी जिला) में तड़के तीन बजकर 24 मिनट पर खबर मिली थी कि कुतुबगढ़ इलाके की ओर जा रही एक कार से एक लाश बंधी है। लाश पोस्टमॉर्टम के लिए मंगोलपुरी के संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल भेजी गई।
पुलिस उपायुक्त (बाहरी) हरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि पीड़िता का पैर कार के एक पहिये में फंस गया और उसे करीब चार किलोमीटर तक घसीटा गया। मामले में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 279 (तेजी से गाड़ी चलाना) और 304-ए (लापरवाही से मौत) के तहत मामला दर्ज किया गया है। दीपक खन्ना (26), अमित खन्ना (25), कृष्ण (27), मिथुन (26) और मनोज मित्तल को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया, ‘‘दीपक एक ड्राइवर है, अमित उत्तम नगर में एसबीआई कार्ड का काम करता है, कृष्ण कनॉट प्लेस में काम करता है, मिथुन नारायणा में हेयर ड्रेसर का काम करता है और मित्तल सुल्तानपुरी में एक निजी फूड डिलीवरी कंपनी के प्रतिनिधि के तौर पर काम करता है।’’
सूत्रों ने बताया कि आरोपियों को नहीं पता था कि युवती का शव उनकी कार के साथ खिंचा चला जा रहा है। उन्होंने बताया, बाद में जब उन्हें इसका पता चला तो वे डर गए और शव को कार से हटाने के बाद फरार हो गए। पुलिस ने कहा कि कार चालक शराब के नशे में था या नहीं, इसकी जांच के लिए उसके खून के नमूने को संरक्षित कर लिया गया है।
उधर, दिल्ली सीएम और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर सोमवार को कहा- कंझावला में हमारी बहन के साथ जो हुआ, वो बेहद शर्मनाक है। मैं उम्मीद करता हूं कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सज़ा दी जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
