दिल्ली के लालकिला इलाके में आज यानी सोमवार 10 नवंबर की शाम एक जोरदार धमाका हुआ। इस धमाके के बाद लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास कई गाड़ियों में आग लग गई। मिल रही सूचना के अनुसार 5-6 गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। इस धमाके में 8 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 24 अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। मौके पर NIA और NSG की टीम को रवाना कर दिया गया है। स्पेशल सेल की टीम भी मौके पर है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह धमाका आतंकी घटना है या कुछ और। दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने भी इस मामले पर फिलहाल कुछ कहने से इनकार कर दिया है। चलिए जानते हैं दिल्ली में कब-कब बड़े आतंकी हमले हुए हैं।
देश की राजधानी दिल्ली में बम धमाकों और आतंकी हमले का पुराना इतिहास रहा है। हालांकि, ये भी सच है कि फरवरी 2012 के बाद दिल्ली में किसी तरह की आतंकी घटना नहीं हुई है। 13 साल बाद दिल्ली में एक बार फिर धमाके ने हर किसी को हिलाकर रख दिया।
यहां पढ़ें दिल्ली में कब-कब आतंकवादी घटनाएं हुईं
21 मई 1996
दिल्ली के लाजपत नगर सेंट्रल मार्केट में तेज धमाका हुआ, जिसकी चपेट में आने से 16 लोगों की मौत हो गई और 39 लोग घायल हो गए
9 जनवरी 1997
ITO पर मौजूद दिल्ली पुलिस के ओल्ड हेडक्वार्टर के सामने धमाका हुआ। इस धमाके में 50 लोग घायल हो गए।
1 अक्टूबर 1997
दिल्ली के सदर बाजार के काफी भीड़-भाड़ वाले इलाके में एक के बाद एक दो धमाके हुए। इन धमाकों में 30 लो घायल हो गए थे।
10 अक्टूबर 1997
शांति वन, कोड़िया पुल और किंग्जवे कैंप में तीन धमाके हुए। इन धमाकों में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 16 लोग जख्मी हुए।
18 अक्टूबर 1997
दिल्ली की रानीबाग मार्केट में दो बम धमाके हुए। यहां पर एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि 23 लोग जख्मी हुए।
26 अक्टूबर 1997
दिल्ली के करोल बाग इलाके में दो धमाके हुए। इन धमाकों में एक व्यक्ति की जान गई और 23 लोग घायल हो गए।
30 नवंबर 1997
पुरानी दिल्ली के लाल किला इलाके में दो धमाके हुए, जिनमें 3 लोगों की मौत हो गई। इन धमाकों में 70 से अधिक लोग घायल हो गए।
30 दिसंबर 1997
पश्चिमी दिल्ली में पंजाबी बाग के पास एक बस में धमाका हुआ, जिसमें सवार चार लोगों की मौत हो गई और 30 अन्य घायल हो गए।
26 जुलाई 1998
कश्मीरी गेट ISBT में खड़ी बस में हुए धमाके में दो की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हुए।
18 जून 2000
लाल किले के पास हुए धमाके में 8 साल की एक बच्ची सहित दो लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य लोग घायल हुए।
13 दिसंबर 2001
आतंकवादी दिल्ली में लोकतंत्र का मंदिर कहे जाने वाले संसद भवन परिसर में घुस गए थे। संसद परिसर में पहुंचकर आतंकवादियों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी की, जिसमें 9 लोगों की मौत हो गई थी। हमले में शामिल पांचों आतंकवादी भी मारे गए थे। इस हमले को जैश-ए-मोहम्मद आतंकवादी संगठन ने अंजाम दिया था।
22 मई 2005
दिल्ली में सत्यम और लिबर्टी सिनेमा हॉल में हुए धमाकों में दो लोगों की मौत हो गई और 60 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे।
29 अक्टूबर 2005
दिल्ली से सरोजनी नगर मार्केट, गोविंदपुरी बस अड्डा और पहाड़गंज में सिलसिलेवार धमाके हुए। इन धमाकों में 60 लोगों की मौत हुई, जबकि 100 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे। यह धमाके दिवाली से सिर्फ दो दिन पहले हुए थे।
14 अप्रैल 2006
दिल्ली के व्यस्त इलाकों में से एक पुरानी दिल्ली में जमा मस्जिद परिसर में दो धमाके हुए। इन धमाकों में 4 से अधिक लोग घायल हो गए थे।
13 सितंबर 2008
दिल्ली के दिल कहे जाने वाले कनॉट प्लेस, बाराखंडा रोड, गफ्फार मार्केट (करोल बाग) और ग्रेटर कैलाश-1 में एक के बाद एक पांच धमाके हुए। इन धमाकों में 24 लोगों की मौत हुई और 100 से अधिक लोग घायल हुए। इसके अलावा इंडिया गेट के पास चार बमों को निष्क्रिय किया गया था। इन धमाकों की जिम्मेदारी इंडियन मुजाहिद्दीन नामक आतंकी संगठन ने ली थी।
27 सितंबर 2008
दक्षिण दिल्ली में कुतुब मीनार के पास महरौली में सराय इलाके की फूल मार्केट में धमाके हुए, इन धमाकों में तीन लोगों को मौत हो गई और 21 लोग घायल हुए।
25 मई 2011
सेंट्रल दिल्ली में दिल्ली हाई कोर्ट के बाहर खड़ी एक कार में देसी बस का धमाका हुआ। हालांकि, इसकी चपेट में कोई नहीं आया।
7 सितंबर 2011
दिल्ली हाईकोर्ट के बाहर गेट नंबर 5 के पास सूटकेस बम का धमाका हुआ। इसमें 17 लोगों की मौत हो गई और 76 लोग घायल हो गए थे। इन धमाकों की जिम्मेदारी हरकत-उल-जिहाद अल इस्लामी ने ली थी।
13 फरवरी 2012
इजराइल के राजनयिकों को निशाना बनाकर हमला किया गया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
