Blanket Of Dust Covers Delhi: पिछले कुछ दिनों से दिल्ली-एनसीआर का मौसम अचानक बदल गया है। मई की चिलचिलाती गर्मी के बीच अचानक धुंध छा गई है और धूल भरी आंधी चलने लगी है। इन दिनों दिल्ली के ऊपर धुंध की परत छाई हुई है। अचानक पैदा हुई इस स्थिति ने हर किसी को चौंकाया है। आखिर क्यों दिल्ली-एनसीआर में धुंध छा गई है और क्यों चलने लगी है धूल भरी आंधी, जानने की कोशिश करते हैं।
मौसम में अचानक बदलाव
दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में धूल भरी हवाओं, गरज के साथ छींटे और धूल भरी आंधी के साथ मौसम में अचानक बदलाव आया है। दिल्ली एनसीआर के लोग धुंध और धूल भरी आंधियों के विजुअल सोशल मीडिया पर साझा भी कर रहे हैं। मौसम में अचानक बदलाव का असर कुछ हिस्सों में हवा की गुणवत्ता पर भी पड़ा है। सिर्फ दिल्ली एनसीआर ही नहीं, सोमवार रात उत्तर भारत के कई अन्य हिस्सों में धूल भरी आंधी चली। 40-75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली धूल भरी हवाओं ने कई शहरों को अपनी चपेट में ले लिया।
क्षेत्रीय मौसम केंद्र दिल्ली ने मंगलवार को बताया था कि पूरी दिल्ली और एनसीआर, झज्जर, फरुखनगर, सोहाना, नूंह (हरियाणा) के आसपास और आसपास के इलाकों में 40-75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी/तेज हवाएं चलेंगी। कोसली, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नारनौल, बावल (हरियाणा) खैरथल, कोटपूतली, अलवर, विराटनगर, राजगढ़ (राजस्थान) अगले 2 घंटों के दौरान धूल भरी आंधी चलेगी।
क्यों धूल की चादर से ढकी है दिल्ली?
विशेषज्ञों के अनुसार, पड़ोसी राज्य राजस्थान में चक्रवाती परिसंचरण (cyclonic circulation) के कारण धूल की चादर चढ़ी हुई है और अचानक धूल भरी आंधी चल रही है। उत्तर राजस्थान धूल भरी आंधी की स्थिति का सामना कर रहा है। उत्तर भारत के कई हिस्सों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चल रहा है और बारिश की भी कमी है। विशेषज्ञों के अनुसार, सूखी जमीन पर चलने वाली तेज हवाओं ने धूल की चादर पैदा करने में अहम भूमिका निभाई है।
इस मौसम में रहें सावधान
हालांकि, इससे तापमान में गिरावट जरूर आई है, लेकिन धूल ने लोगों के लिए परेशानी खड़ी कर दी है। ऐसे मौसम में मास्क पहनना जरूरी हो गया है। दमा के मरीजों को इससे भारी परेशानी हो रही है। आपको भी इस मौसम में सावधानी बरतने की जरूरत है। बाहर निकलते समय मास्क जरूर पहने और आंखों को भी चश्मे से कवर कर लें। थोड़ी भी असावधानी आपको मुश्किल में डाल सकती है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
