Amritansh story: अमृतांश 14 साल का है। एक ऐसा बच्चा, जो न्यूरो-डायवर्जेंट है जिसे हमारी दुनिया से तालमेल बिठाने में दिक्कत होती है। ऐसे बच्चों को हम ऑटिस्टिक भी कहते हैं, अपने अज्ञान में कई और नाम भी देते हैं। समझिए, तो अमृतांश के स्नायु-तंत्र (न्यूरल सिस्टम) में कुछ ऐसी बात है कि वह किसी भी सामान्य परिस्थिति में अधिक चुनौतियों का सामना करता है। जैसे, वह अब भी संचार के लिए शब्दों का इस्तेमाल नहीं कर पाता या किसी नए वातावरण में वह उद्विग्न (एन्ग्जाएटी) हो जाता है। हालांकि, इससे उसकी उड़ान नहीं थमी। वह अपने दैनिक काम खुद कर लेता है और अपने चारों ओर खुशियां ही बिखेरता है।
कैनवास उसका कीमियागर बना
रंगों और आकारों (शेप्स) को समझाने के लिए अमृतांश को कला की दुनिया से परिचित कराया गया, ताकि वह 1 से 10 और अ से ज्ञ सीखने की अपनी बोर दिनचर्या में कुछ रंग भर सके। वह हालांकि, दुनियावी चीजें अभी भी सीखने में पीछे है लेकिन कला के विभिन्न स्वरूपों ने उसे उसके आत्म से मिलवाया है। वह अधिक देर तक बैठता है और उसका ध्यान भी केंद्रित रहता है। रंगों से उसकी दोस्ती हुई, कैनवास उसका कीमियागर (केमिस्ट) बना और लो...हो गया चमत्कार। गुमसुम अमृतांश अब खुलकर खेलता है। वह रंगों की अपनी दुनिया में मस्ती से घूमता है और हमसे उसका संवाद इसलिए बेहतर हुआ है। उसकी पेंटिग्स हमने लोगों को जब दिखाई तो लोग जमकर वाह-वाह बोले।
ऑटिज्म का शिकार
वह दो समूह-प्रदर्शनियों का हिस्सा रहा और दो एकल-प्रदर्शनी कर चुका है, जिसमें से एक पटना में और एक दिल्ली में लगी। फिलहाल 29 मार्च से 2 अप्रैल तक इंडिया हैबिटेट सेंटर के फॉयर में उसकी एकल-प्रदर्शनी चल रही है। पहले ही दिन उसकी चार कलाकृतियां बिक चुकी हैं और हमें उम्मीद है कि आगे भी वह इसी तरह खुशियां बिखेरता रहेगा। इस प्रदर्शनी की क्यूरेटर दीपा साद हैं, जिन्हें अमृतांश पर पूरा भरोसा है।वैसे, अमृतांश के छोटे पगों के लिए, उसकी प्रगति के लिए तो चांद पर पहला कदम रखनेवाले नील आर्मस्ट्रांग की बात ही याद आती है कि यह मानव के लिए बिल्कुल छोटा कदम है, लेकिन मानवता के लिए बड़ी छलांग। 2 अप्रैल को विश्व ऑटिज्म दिवस है। अमृतांश और भी आगे बढ़े, इसी दुआ के साथ- सितारों के आगे जहां और भी हैं, अभी इश्क के इम्तहां और भी हैं।..
(मुकुंद झा की रिपोर्ट)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
