Aam Aadmi Party: आम आदमी पार्टी ने सोमवार को कहा कि वह राष्ट्रीय राजधानी में स्वच्छता के रखरखाव में बीजेपी की विफलता के विरोध में मंगलवार को दिल्ली में लगभग 3,500 स्थानों पर कचरे से बने रावण के पुतले जलाएगी। आम आदमी पार्टी के नेता और समर्थक पुतला फूंकने के बाद विरोध प्रदर्शन करेंगे और मांग करेंगे कि दिल्ली नगर निगम चुनाव जल्द से जल्द कराए जाएं।
दिल्ली में कूड़े से बने रावण के पुतले जलाएगी आम आदमी पार्टी
राजिंदर नगर के विधायक दुर्गेश पाठक ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली बहुत गंदी है। आप जहां भी जाएंगे, आपको कचरा दिखाई देगा। जहां तीन कचरा पहाड़ियां पहले से ही हैं, वहीं भाजपा 16 और कचरा पहाड़ियां बनाने की तैयारी कर रही है। दिल्ली में कचरा बीजेपी की अक्षमता और नाकामी का प्रतीक बन गया है।
3,500 स्थानों पर कूड़े से बने रावण का पुतला फूंकेंगी आम आदमी पार्टी
ये पूछे जाने पर कि कचरे को खुले में जलाना गैरकानूनी है और इस तरह के कदम से वायु प्रदूषण बढ़ेगा, इस पर विधायक पाठक ने कहा कि ये केवल एक प्रतीकात्मक विरोध होगा। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी सांकेतिक विरोध में मंगलवार को दिल्ली में करीब 3,500 स्थानों पर कूड़े से बने रावण का पुतला फूंकेंगी।
चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी के प्रभारी पाठक ने लोगों से भी विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की। उन्होंने वादा किया कि सत्ताधारी पार्टी दिल्ली को एक स्वच्छ शहर बनाएगी और नगर निकाय चुनावों में सत्ता में आने पर शहर की सीमाओं पर स्थित सभी तीन कचरे की पहाड़ियों को भी हटा देगी। दिल्ली की तीनों तत्कालीन नगर निगमों पर बीजेपी का शासन था और उनका इसी साल मई महीने में एकीकरण कर दिया गया था।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
