शहर

Video: बारिश ने थामी दिल्ली-एनसीआर की रफ्तार! हर तरफ तक दिखी गाड़ियों की लंबी कतार, जाम से लोग बेहाल

दिल्ली-एनसीआर में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन और यातायात व्यवस्था चरमरा गई। जलभराव और पीक आवर के चलते दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे, नोएडा समेत कई प्रमुख मार्गों पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, जिससे हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

Delhi NCR Traffic Jam: लगातार हो रही बारिश के बाद दिल्ली-एनसीआर में यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई। शाम के वक्त (पीक आवर) में कई प्रमुख मार्गों पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे ऑफिस से निकल रहे लोगों को घंटों जाम का सामना करना पड़ा। दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे और नोएडा के सेक्टर-62 की सड़क पर ट्रैफिक पूरी तरह थम गया, जबकि कालिंदी कुंज मार्ग पर भी वाहनों की लंबी लाइनें देखने को मिलीं। इसी बीच कई इलाकों में एक बार फिर तेज बारिश शुरू होने से स्थिति और बिगड़ गई। भारी बारिश के कारण नोएडा के सेक्टर-62 स्थित लेबर चौक पर जलभराव हो गया, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। वहीं नोएडा एक्सटेंशन पर 3-4 किलोमीटर का जाम देखा गया।

रोहतक रोड पर वाहनों की लंबी कतारें

बता दें कि राजधानी दिल्ली के सदर बाजार, नसीरपुर, ग्रेटर कैलाश, बदरपुर, तेलीवाड़ा, महावीर बाजार, स्वरूप नगर और कुशक रोड समेत शहर के कई इलाकों में जलजमाव हो गया। कुछ स्थानों पर पैदल चलने वालों को घुटने तक भरे पानी से होकर गुजरते देखा गया। रोहतक रोड पर वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं, जहां पंजाबी बाग और शादीपुर के बीच यातायात कई घंटों तक लगभग ठप रहा। स्थिति तब और बिगड़ गई जब कई दोपहिया वाहन चालकों ने बारिश से बचने के लिए एलिवेटेड मेट्रो कॉरिडोर के नीचे पनाह ली, जिससे जाम की स्थिति पैदा हो गई।

दिल्ली-नोएडा लिंक रोड पर गाडियों की आवाजाही प्रभावित

इसी के साथ ITO चौराहे पर भी यातायात बाधित रहा। रिंग रोड, आउटर रिंग रोड और राष्ट्रीय राजमार्ग 48 पर, विशेष रूप से धौला कुआं, महिपालपुर और रजोकरी के पास, कम दृश्यता और जलजमाव के कारण यात्रियों को देरी का सामना करना पड़ा। मथुरा रोड पर आश्रम के पास, दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे, जखीरा फ्लाईओवर, मोती नगर, पटेल नगर, नारायणा, एम्स, साउथ एक्सटेंशन, लाजपत नगर, मूलचंद, आजादपुर, मुकरबा चौक और दिल्ली-नोएडा लिंक रोड के हिस्सों पर भी वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।

सोशल मीडिया पर एक्टिव हुई जनता

कई यात्रियों ने सोशल मीडिया पर जलजमाव वाली सड़कों से गुजरते वाहनों और लंबे ट्रैफिक जाम में फंसी गाड़ियों के वीडियो साझा किए। सोशल मीडिया पर एक यूजर ने लिखा, "थोड़ी सी बारिश ने ही सड़कों की बदहाल स्थिति की पोल खोल दी है। जगह-जगह गंभीर जलभराव, टूटी सड़कें, उफनती नालियां और असुरक्षित हालात लोगों को परेशानी में डाल रहे हैं तथा यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा पैदा कर रहे हैं। इस पर तत्काल कार्रवाई की जरूरत है।"

प्रशासन ने यात्रियों को दी सलाह

एक अन्य व्यक्ति ने लिखा, "दिल्ली में कुछ घंटों की बारिश का नतीजा सड़कों पर साफ दिखाई दे रहा है।" वहीं, यातायात को सुचारु बनाए रखने और जाम कम करने के लिए प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया, जबकि नगर निकायों की टीमें जलभराव वाले इलाकों से पानी निकालने में जुटी रहीं। प्रशासन ने यात्रियों को जलभराव वाले मार्गों से बचने, वाहनों के बीच सुरक्षित दूरी बनाए रखने और घर से निकलने से पहले यातायात संबंधी ताजा जानकारी अवश्य जांचने की सलाह दी।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article