शहर

दिल्ली-NCR में रिकॉर्डतोड़ बारिश! गाजियाबाद में सड़क निगल गई कार तो नोएडा में गिरे पेड़; अगले 24 घंटे रहें सावधान

दिल्ली-NCR में मूसलाधार बारिश से हाहाकार मचा हुआ है। गाजियाबाद के वसुंधरा में अचानक सड़क धंसने से कार गड्ढे में समा गई, वहीं नोएडा सेक्टर 6 में गाड़ी पर विशालकाय पेड़ गिर गया। अगले 24 घंटे के लिए 200 मिमी तक बारिश का आशंका है।

Image

गड्ढे में गिरी कार

Photo : Times Now Digital

Delhi NCR Rain Havoc: दिल्ली-NCR में मानसून ने अपना सबसे रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। आधी रात के बाद से शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने गाजियाबाद और नोएडा समेत पूरे NCR को पानी-पानी कर दिया है। इस आसमानी आफत के बीच गाजियाबाद के वसुंधरा इलाके से एक बेहद खौफनाक तस्वीर सामने आई है, जहां भारी बारिश के चलते अचानक मुख्य सड़क का एक बड़ा हिस्सा धंस गया। सड़क धंसने से वहां इतना गहरा और विशालकाय गड्ढा बन गया कि सड़क पर खड़ी एक कार उस मलबे और पानी से भरे गड्ढे में जा गिरी।

नोएडा सेक्टर-6 में गाड़ी पर गिरा भारी पेड़, पूरे शहर में अंधेरा

मूसलाधार बारिश के साथ चल रही तेज हवाओं का कहर नोएडा में भी देखने को मिला। नोएडा के सेक्टर 6 (फिल्म सिटी के पास) में तेज बारिश और आंधी के कारण एक विशालकाय पेड़ उखड़कर नीचे खड़ी एक गाड़ी के ऊपर जा गिरा, जिससे गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि हादसे के वक्त गाड़ी के भीतर कोई मौजूद नहीं था। फिलहाल पूरे नोएडा और आस-पास के इलाकों में दोपहर में भी घने काले बादल छाए हुए हैं, जिससे दिन में ही अंधेरे जैसा अहसास हो रहा है।

अगले 24 घंटे भारी, 200mm बारिश की आशंका

दिल्ली-एनसीआर के लिए बड़ा मौसम अलर्ट है। मौसम एक्सपर्ट नवदीप दहिया के मुताबिक आधी रात के बाद से उत्तर-पूर्वी दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा के कई इलाकों में 100 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की जा चुकी है। मौसम के मौजूदा रुख को देखते हुए अनुमान है कि 10 जुलाई की सुबह तक अगले 24 घंटों के दौरान दिल्ली-NCR के अधिकांश हिस्सों में 100 से 200 मिमी तक वर्षा हो सकती है। भारी बारिश के कारण जलभराव, यातायात बाधित होने और निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका है। लोगों को सलाह दी जाती है कि वे अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें, सुरक्षित स्थानों पर रहें और मौसम से जुड़ी आधिकारिक चेतावनियों पर नजर बनाए रखें। लगातार बिगड़ते हालातों और जलभराव को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बहुत जरूरी काम न होने पर अपने घरों से बाहर बिल्कुल न निकलें। अंडरपास, कमजोर निर्माणों और जलभराव वाले रास्तों से दूर रहें।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article