Delhi Metro: दिल्ली में आज गुजरात टाइटन्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच आईपीएल (IPL Match) होने वाला है। अगर आप भी इस मैच को देखने अरुण जेटली स्टेडियम जाने वाले हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने क्रिकेट लवर्स के लिए खास इंतजाम किए हैं। आज दिल्ली मेट्रो की लास्ट ट्रेन का टाइम बढ़ा दिया गया है, ताकि दर्शकों को मैच के बाद घर लौटने में कोई परेशानी न हो। यात्रियों की सुविधा के लिए आज मेट्रो 76 अतिरिक्त फेरें भी लगाएगी।
DMRC ने बढ़ाई मेट्रो टाइमिंग
DMRC ने फैसला लिया है कि आईपीएल मैच के चलेत आम दिनों के मुकाबले आज आखिरी मेट्रो ट्रेन 1 से 2 घंटे देर तक चलाई जाएगी। खासतौर पर पिंक लाइन पर रात 2:20 बजे तक आखिरी मेट्रो उपलब्ध रहेगी, जिससे मैच देखने के बाद देर रात भी लोग आराम से सफर कर सकेंगे। बाकी लाइनों पर भी जरूरत के हिसाब से सेवाएं देर रात तक जारी रहेंगी।
आज मेट्रो के 76 एक्स्ट्रा फेरे
मैच खत्म होन के बाद अरुण जेटली स्टेडियम के पास स्थित दिल्ली गेट और आईटीओ मेट्रो स्टेशनों पर भारी भीड़ जुटने की संभावना है। जिसे देखते हुए हुए डीएमआरसी ने इन रूट्स पर 76 अतिरिक्त फेरे (ट्रिप्स) चलाने का फैसला किया है। इससे यात्रियों को लंबी लाइन और भीड़भाड़ से राहत मिलेगी और वे बिना जल्दबाजी के आराम से मैच का आनंद ले सकेंगे।
मैच के बाद कैब-टैक्सी के लिए पिकअप पॉइंट
मेट्रो के अलावा कैब और टैक्सी के लिए भी अलग से पिकअप पॉइंट तय किए गए हैं। गेट नंबर 2, मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज, ITO से दिल्ली गेट रोड, राजघाट चौक और रिंग रोड सर्विस लेन पर ये सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा दर्शकों की सुविधा के लिए ‘पार्क एंड राइड’ सेवा भी शुरू की गई है। माता सुंदरी रोड, राजघाट पावर हाउस, वेलोड्रोम रोड और शांति वन पार्किंग से ये बसें चलाई जाएंगी। ये बसें मैच शुरू होने से दो घंटे पहले और खत्म होने के एक घंटे बाद तक चलेंगी। डीएमआरसी और ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे निजी वाहनों की बजाय मेट्रो और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का ज्यादा इस्तेमाल करें।
