Delhi News: दिल्ली मेट्रो के अंदर सुरक्षा में तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के एक ASI पर महिला यात्री का चुपके से फोटो खींचने का गंभीर आरोप लगा है। मामला सामने आने के बाद मेट्रो कोच के भीतर जमकर हंगामा हुआ और यात्रियों तथा CISF अधिकारी के बीच हाथापाई की नौबत आ गई। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए CISF के उच्च अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित ASI को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
फोन गैलरी से मिलीं महिला की तस्वीरें, बढ़ा विवाद
पुलिस और आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना दोपहर करीब 1:00 बजे की है। मेट्रो कोच के अंदर सफर कर रही एक महिला यात्री ने CISF अधिकारी पर बिना अनुमति उसकी तस्वीरें खींचने का आरोप लगाया और उनसे पूछताछ शुरू कर दी। हालांकि आरोपी अधिकारी ने शुरू में फोटो खींचने की बात से इनकार किया, लेकिन जब यात्रियों की मौजूदगी में उसका मोबाइल फोन चेक किया गया, तो उसकी फोन गैलरी में महिला की तस्वीरें मौजूद थीं।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस और CISF का एक्शन
घटना का पूरा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें महिला और अन्य यात्री अधिकारी को घेरकर सवाल-जवाब करते नजर आ रहे हैं। फोन की गैलरी में तस्वीरों के मिलते ही कोच में मौजूद अन्य यात्री भी बहस में शामिल हो गए और अधिकारी से तुरंत फोटो डिलीट करने को कहा। इस दौरान जब अधिकारी कोच से बाहर निकलने की कोशिश करने लगा, तो यात्रियों ने उसे रोक दिया, जिससे दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू हो गई।
घटना पर कड़ा संज्ञान लेते हुए CISF (Delhi Metro) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर जानकारी दी कि इस मामले को उच्चतम स्तर पर बेहद गंभीरता से लिया गया है। संबंधित कर्मी को तुरंत निलंबित कर दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
