शहर

Delhi: PNB लॉकर से गायब हुआ सोना? सोशल मीडिया पर उड़ी खबर के बाद बैंक पहुंची भीड़, जानें क्या है मामला

दिल्ली के कीर्ति नगर स्थित PNB बैंक में एक महिला के लॉकर से जेवर गायब होने के दावे के बाद भारी हंगामा हुआ। काफी संख्या में लोग बैंक पहुंच गए, हालांकि जांच में यह महज एक अफवाह निकली। पुलिस जांच में चोरी या लॉकर टूटने के कोई सबूत नहीं मिले हैं।

Image

बैंक में लोगों की जमा भीड़

Photo : Times Now Digital

Delhi News: दिल्ली के कीर्ति नगर इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की एक शाखा से सोना गायब होने की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते बैंक के बाहर ग्राहकों की भारी भीड़ जमा हो गई और सोशल मीडिया पर 'बैंक से सोना चोरी' होने की अफवाहों ने हड़कंप मचा दिया। हालांकि, पुलिस की शुरुआती जांच में मामला कुछ और ही नजर आ रहा है।

लॉकर खोलते ही महिला ने मचाया शोर

घटना की शुरुआत तब हुई जब एक महिला अपनी सास के साथ कीर्ति नगर स्थित PNB शाखा में अपना लॉकर ऑपरेट करने पहुंची। बैंक कर्मियों ने निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए लॉकर खोला, लेकिन लॉकर चेक करते ही महिलाओं ने दावा किया कि उनके जेवर गायब हैं। महिलाओं ने आरोप लगाया कि लॉकर में रखा उनका कीमती सोना चोरी हो गया है।

अफवाह से बैंक के बाहर उमड़ी भीड़

जैसे ही बैंक के अंदर से 'सोना गायब' होने की खबर बाहर निकली, यह अफवाह तेजी से फैल गई कि बैंक के लॉकरों से बड़े पैमाने पर चोरी हो रही है। जिन ग्राहकों के लॉकर उस बैंक में थे, उन्हें कॉल और सोशल मीडिया के जरिए जैसे ही यह भ्रामक सूचना मिली, वे घबराकर बैंक की ओर दौड़ पड़े। कुछ ही समय में बैंक परिसर के बाहर लोगों का हुजूम इकट्ठा हो गया।

न ताला टूटा, न जबरदस्ती घुसने के सबूत

मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने फॉरेंसिक जांच और लॉकर रूम के मुआयने के बाद बताया कि बैंक का कोई भी लॉकर टूटा हुआ नहीं पाया गया। साथ ही, लॉकर रूम में किसी के जबरदस्ती घुसने या छेड़छाड़ के कोई सबूत नहीं मिले। पुलिस ने स्पष्ट किया कि 'सोना चोरी' होने की खबरें फिलहाल महज एक अफवाह साबित हुई हैं।

5 फरवरी को ऑपरेट हुआ था लॉकर

पुलिस की पड़ताल में एक अहम जानकारी सामने आई कि शिकायतकर्ता महिलाओं का 'ज्वाइंट लॉकर' था। बैंक रिकॉर्ड के अनुसार, इस लॉकर को हाल ही में 5 फरवरी को खोला गया था। पुलिस अब इस पहलू की जांच करेगी कि क्या जेवर घर पर ही रखे रह गए या परिवार के किसी सदस्य ने उन्हें पहले ही निकाल लिया था।

Anuj Mishra
अनुज मिश्राauthor

अनुज मिश्रा भारत के अग्रणी क्राइम और इन्वेस्टिगेटिव पत्रकारों में से एक हैं। वह वर्तमान में टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज़ एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। पिछले करीब दो दशकों से अनुज मिश्रा ने अपराध, आंतरिक सुरक्षा और संगठित अपराध से जुड़े मामलों की गहन रिपोर्टिंग और संपादकीय नेतृत्व किया है। उन्होंने सीबीआई, ईडी, आयकर विभाग, एनआईए और खुफिया एजेंसियों से संबंधित बड़ी और संवेदनशील खबरों को नज़दीकी से कवर किया है। अनुज मिश्रा की सबसे बड़ी ताक़त उनकी ग्राउंड रिपोर्टिंग है। हर बड़ी और अहम खबर में वह ग्राउंड ज़ीरो पर मौजूद रहकर घटनाओं की प्रत्यक्ष कवरेज करते रहे हैं। यही कारण है कि उनकी रिपोर्टिंग में जमीनी सच्चाई और तथ्य हमेशा साफ़ झलकते हैं। टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ने से पहले अनुज मिश्रा देश के कई बड़े टेलीविज़न न्यूज़ चैनलों के साथ काम कर चुके हैं, जहां उन्होंने अपनी पत्रकारिता और एडिटोरियल स्किल्स से अलग पहचान बनाई। अनुज ने न केवल देश-विदेश की बड़ी खबरों को जनता तक पहुँचाया है, बल्कि उत्तर प्रदेश की राजनीति और सत्ता गलियारों से जुड़े घटनाक्रमों पर भी पैनी नज़र रखी है। उनकी पत्रकारिता शैली तथ्यपरक, इन्वेस्टिगेटिव और जमीनी हकीकत पर आधारित मानी जाती है। उन्होंने आतंकवाद, संगठित अपराध, ड्रग्स सिंडिकेट, हाई-प्रोफाइल जांच और सियासी घटनाक्रमों पर कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स की हैं, जिन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!