दिल्ली में आज का मौसम (26 April 2026 Delhi Weather Today): दिल्ली में इस बार रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पड़ रही है। शनिवार को राजधानी में अप्रैल का सबसे गर्म दिन रहा, इस दौरान अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो इस सीजन का सबसे अधिक तापमान है। दिन के साथ-साथ रात में भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। रात का पारा भी 25 डिग्री पार पहुंच चुका है। दिन में लू के थपेड़े और सूरज की तल्खी लोगों को घरों में रहने को मजबूर कर रही है। गली-मोहल्लों और बाजारों में भीषण गर्मी और गर्म हवाओं के कारण सन्नाटा सा देखने को मिल रहा है। आज भी दिल्ली के सभी इलाके लू की चपेट में रहने वाले हैं।
दिल्ली में 26 अप्रैल को मौसम का हाल
मौसम विभाग ने आज दिल्ली में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हीटवेव की स्थिति अधिक रहने की संभावना है। आज राजधानी में आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं। वहीं दिन में 20 से 30 किमी प्रति घंटे के बीच गर्म हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। 27 अप्रैल को भी दिल्ली में लू का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली में दो दिन बाद होगी बारिश
दिल्ली-एनसीआर में 27 अप्रैल के बाद मौसम में बदलाव होने की संभावना है। 28 और 29 अप्रैल को राजधानी में आंधी-बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान तापमान गिरकर 38 डिग्री के करीब पहुंच सकता है। जिसके बाद 30 से अप्रैल को आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं। लेकिन बारिश होने की संभावना नहीं है। मई की शुरुआत तेज गर्मी के साथ होने की संभावना है।
दिल्ली का तापमान तोड़ रहा रिकॉर्ड
राजधानी में बीते दो दिनों से लगातार लू चल रही है। शनिवार से पहले शुक्रवार को भी दिल्ली में दिनभर लू की स्थिति रही। साथ ही तेज धूप ने लोगों के पसीने छुड़ाए। शनिवार को 42 डिग्री के पार अधिकतम तापमान रहा, लेकिन गर्मी इससे कहीं ज्यादा महसूस हुई। वहीं न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी में तापमान लगातार रिकॉर्ड तोड़ रहा है। शनिवार को अप्रैल में तापमान ने तीन साल का रिकॉर्ड तोड़ा। इससे पहले शुक्रवार को अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री पहुंचने से रिकॉर्ड टूटा था।
