शहर

दिल्ली का मौसम (24 Jan 2026) Delhi Weather Today: दिल्ली में बारिश के बाद लौट आई ठिठुरन, सर्द हवाओं से बढ़ी ठंड; जानें आज भी बरसेंगे बादल?

दिल्ली का मौसम (दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा) 24 Jan 2026: दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को दिनभर बारिश का मौसम जारी रहा। जिसके बाद एक बार फिर से राजधानी में ठंड बढ़ गई है। दिल्ली में आज बारिश होगी या नहीं, आइए जानते हैं:

Image

आज दिल्ली का मौसम

दिल्ली में आज का मौसम (24 Jan 2026): दिल्ली-एनसीआर में बारिश के बाद एक बार फिर सर्दी बढ़ गई है। शुक्रवार को राजधानी में दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही। साथ ही सर्द हवाएं भी चलती रहीं। जिसके कारण ठिठुरन भी बढ़ गई। IMD के अनुसार एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिल्ली के मौसम में यह बदलाव देखने को मिला है। बारिश के साथ ही यहां लंबे समय से जारी शुष्क सर्दियों का दौर भी समाप्त हो गया। साथ ही हवा की गुणवत्ता में भी हल्का सुधार देखने को मिला। शुक्रवार को दिल्ली का औसत एक्यूआई 293 दर्ज किया गया। आज सुबह 7 बजे यह 264 दर्ज हुआ। दिल्ली में आज कैसा मौसम रहने वाला है, क्या आज भी राजधानी में बारिश होगी या नहीं, आइए जानते हैं:

दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में आज आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरा भी छाया रह सकता है। इस दौरान 10 से 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलने की संभावना है। आज राजधानी में अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। शनिवार को यहां बारिश की संभावना नहीं जताई गई है। हालांकि दिल्ली से सटे गुरुग्राम और फरीदाबाद में आज गरज-चमक के साथ बारिश होने और ओले गिरने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।

दिल्ली के मौसम में उतार-चढ़ाव

दिल्ली में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। जनवरी माह में ही यहां कड़ाके की ठंड पड़ी। जिसके बाद कुछ दिन पहले ठंड कम होने के साथ ही तेज धूप निकलने लगी। साथ ही हवा की दिशा भी बदलने के साथ ही तेजी से मौसम भी गर्म होने लगा। गुरुवार को यहां अधिकतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह पिछले 7 सालों में दिल्ली में जनवरी माह का सबसे गर्म दिन रहा। लेकिन बारिश होने के साथ ही मौसम ने तेजी से करवट बदली है। शुक्रवार को बारिश के बाद एक बार फिर से ठंड बढ़ गई है। 27 जनवरी को एक बार फिर बारिश होने की संभावना जताई जा रही है।

दिल्ली के रिज में हुई सबसे अधिक बारिश

दिल्ली में शुक्रवार को ज्यादातर हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। इस दौरान सबसे अधिक बारिश रिज एरिया में हुई। यहां 19.2 मिमी बारिश हुई। सफदरजंग में 14.5 मिमी, पालम में 15.3 मिमी और लोधी रोड में 15 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। वहीं तापमान की बात करें तो दिल्ली में पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, यह गुरुवार की तुलना में सात डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं पालम में 13 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया,यह सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, लोदी रोड पर 14.1 डिग्री सेल्सियस, रिज पर 13.7 डिग्री और आयानगर में 14.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article