दिल्ली में आज का मौसम (23 Jan 2026): दिल्ली-एनसीआर में आज सुबह कई इलाकों में बारिश देखने को मिली। साथ ही ठंडी हवाएं भी चल रही हैं। जिसे देखते हुए मौसम विभाग ने राजधानी में गरज-चमक के साथ बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान करीब 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। बारिश के साथ सर्द हवाओं के चलते सुबह के समय दिल्ली में ठंड का एहसास बढ़ गया है। जिसके कारण तापमान में भी गिरावट देखने को मिल सकती है।
दिल्ली में 7 सालों में सबसे गर्म दिन
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में गुरुवार को पिछले सात सालों में जनवरी का सबसे गर्म दिन रहा। इस दौरान अधिकतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर में जनवरी में इससे अधिक अधिकतम तापमान आखिरी बार 2019 में दर्ज किया गया था, जब 21 जनवरी को पारा 28.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। इस महीने का दूसरा सबसे गर्म दिन 19 जनवरी को दर्ज किया गया था, जब अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि जनवरी के लिए अब तक का औसत अधिकतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस रहा है। हालांकि, अगले 24 घंटों में तापमान में फिर से गिरावट होने का अनुमान भी जताया गया है।
दिल्ली में क्यों बदला मौसम
IMD के अनुसार दिल्ली में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में यह बदलाव आया है। जिसके कारण शुक्रवार को आसमान में बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना है। आज सुबह से दोपहर तक हल्की बारिश के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं दोपहर या शाम के समय हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। सुबह के समय हल्का कोहरा भी छाया रह सकता है। मौसम विभाग ने आज दिल्ली-NCR में गरज-चमक और बारिश के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। शुक्रवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान गिरकर 19 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। दिल्ली में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, यह सामान्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं अधिकतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 6.8 डिग्री सेल्सियस अधिक था।
