शहर

दिल्ली का मौसम (17 March 2026) Delhi Weather Today: दिल्ली-NCR में 3 दिन बारिश का अलर्ट, 24 घंटे बाद मौसम का वार शुरू!

दिल्ली का मौसम (दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा) 17 March 2026: दिल्ली-एनसीआर में 18 मार्च से मौसम में बड़ा बदलाव आने का अनुमान है। एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 3 दिन तक तेज हवाओं संग बारिश होने की संभावना है। बारिश के कारण तापमान में 3-4 डिग्री की कमी आने के आसार हैं, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी।

Image

दिल्ली का मौसम

दिल्ली में आज का मौसम (17 March 2026): दिल्ली- NCR में 24 घंटे बाद मौसम में बड़ा बदलाव होने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले 3 दिन बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। राजधानी में बीते कुछ दिनों से बादलों की आवाजाही देखने को मिल रही है। इस रविवार की सुबह कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई। जिससे गर्मी से काफी राहत भी मिली। साथ ही तापमान में भी गिरावट देखने को मिली। लेकिन सोमवार को कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। अब 17 मार्च की रात एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। जिसके प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर में भी 18 मार्च से बारिश का नया दौर देखने को मिल सकता है।

दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर आज आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं। साथ ही हल्की हवाएं भी चलने के आसार हैं। इस दौरान दिल्ली का अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। 18 मार्च से राजधानी में बारिश शुरू होने के आसार हैं। इस दौरान गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने के आसार हैं। साथ ही 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। रात के समय हवाओं की स्पीड बढ़कर 40 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। 19 मार्च को भी ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान जताया गया है।

दिल्ली में बारिश का अलर्ट

दिल्ली में 20 मार्च को बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहेंगे। दिनभर रुक-रुककर हल्की से बहुत हल्की बारिश होने के आसार हैं। साथ ही मेघगर्जन और वज्रपात की चेतावनी भी जारी की गई है। दिन में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। रात के समय भी तेज हवाओं संग छिटपुट बारिश दर्ज की जा सकती है। बारिश से तापमान में भी कमी देखने को मिल सकती है। 18 मार्च को दिल्ली का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक बना सकता है। जिसमें 19 मार्च को करीब 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के आसार हैं। दोनों दिन न्यूनतम तापमान 18 डिग्री के आसपास दर्ज किया जा सकता है। वहीं 20 मार्च को दिल्ली का अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज होने के आसार हैं।

दिल्ली में पिछले 24 घंटे कैसा रहा मौसम

दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को बादलों की आवाजाही देखने को मिली। दिन में धूप भी खिली रही, लेकिन बादलों की मौजूदगी के कारण सूरज की तपिश ज्यादा नहीं रही। धूप निकलने के कारण राजधानी के अधिकांश हिस्सों में दिन के समय हल्की गर्माहट का भी एहसास हुआ। दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, यह औसत से 2.3 डिग्री ज्यादा है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article