दिल्ली में आज का मौसम (05 Feb 2026): दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। अगले 3 दिन राजधानी के लोगों को सर्द हवाओं का सितम झेलना होगा। जिससे दिन में धूप निकलने के बाद भी ठंड का एहसास होगा। सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरा छाया रह सकता है। हालांकि दिन चढ़ने के साथ ही मौसम भी साफ हो जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को दो नए पश्चिमी विक्षोभ प्रभावित कर सकते हैं। जिसके कारण पहाड़ी क्षेत्रो में कई जगह बारिश या बर्फबारी की संभावना है। वेदर सिस्टम का दिल्ली के मौसम पर भी प्रभाव देखने को मिल सकता है।
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली में आज सुबह हल्का कोहरा छाया रहा। गुरुवार को राजधानी में मौसम साफ रहने की संभावना है। दिन में धूप भी खिली रहेगी। इस दौरान 10 से 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से सर्द हवाएं चलने की संभावना है। जिससे दिन में भी हल्की ठंड का एहसास होगा। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज किया जा सकता है।
दिल्ली में अगले 5 दिन मौसम का हाल
IMD के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को आंशिक तौर पर बादल छाए रहने की संभावना है। 10 फरवरी तक राजधानी क्षेत्र में ऐसा ही मौसम बना रह सकता है। इस दौरान सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है। अगले दो दिन यानी 6 ओर 7 फरवरी को दिल्ली-एनसीआर में 15 से 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से सर्द हवाएं भी चलने की संभावना है। 8 और 10 फरवरी के दौरान हवा की रफ्तार में कमी रहेगी। इस अवधि में दिल्ली में कहीं भी बारिश होने की कोई संभावना नहीं है।
दिल्ली में गुरुवार को सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रहा। दिन चढ़ने के साथ ही कोहरा छंट गया और धूप निकल आई। दिन में भी अच्छी धूप खिली रही। जिससे अधिकतम तापमान में भी इजाफा हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, यह सामान्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.2 डिग्री कम 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
