शहर

अब पानी बताएगा अपनी सेहत! दिल्ली जल बोर्ड ने अपनाई नई तकनीक, नल से आने वाले पानी पर 24x7 नजर

दिल्ली के गुलमोहर पार्क में कई दिनों से आ रही दूषित पानी की शिकायतों के बाद दिल्ली जल बोर्ड ने ऑनलाइन वाटर एनालाइजर लगाया है। यह उपकरण पानी के pH, TDS और क्लोरीन स्तर की निगरानी करने का काम करेगा। अधिकारियों के अनुसार इससे पानी में किसी भी प्रकार के प्रदूषण का तुरंत पता लगाया जा सकेगा।

Image

Smart Water system

Photo : ANI

Delhi News: दिल्ली के गुलमोहर पार्क इलाके में गंदे पानी और दूषित जल की शिकायतों के बाद दिल्ली जल बोर्ड (DJB) ने ऑनलाइन वाटर एनालाइजर लगाया है। इस उपकरण का इस्तेमाल पानी की गुणवत्ता की लगातार निगरानी के लिए किया जाएगा। जिससे पानी में किसी भी तरह की गड़बड़ी का तुरंत पता लग सकेगा।

दूषित पानी की शिकायतों के बाद जल बोर्ड का बड़ा कदम

मालवीय नगर से बीजेपी विधायक सतीश उपाध्याय ने बताया कि इस उपकरण को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत लगाया गया है और एक सप्ताह के अंदर इसका पूरा सेटअप तैयार हो जाएगा। उन्होंने कहा कि लगभग 10 दिन पहले गुलमोहर पार्क इलाके में दूषित पानी की शिकायतें सामने आई थीं, जिनका समाधान दिल्ली जल बोर्ड ने किया था।

क्या है ऑनलाइन वाटर एनालाइजर?

विधायक ने कहा कि इलाके में पानी की पाइपलाइनें जमीन के नीचे बिछी हुई हैं। ऐसे में इस ऑनलाइन वाटर एनालाइजर की मदद से पानी के pH लेवल, TDS (टोटल डिसॉल्व्ड सॉलिड्स) और क्लोरीन की मात्रा को लगातार चेक किया जा सकेगा। यह टेक्नोलॉजी पानी में किसी भी तरह की गदंगी और उसके स्रोत की पहचान करने में मदद करेगी। विधायक के अनुसार, अगर यह पायलट प्रोजेक्ट सफल रहता है, तो दिल्ली जल बोर्ड पूरे शहर में इस टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करेगा।

गुलमोहर पार्क बना स्मार्ट वॉटर मॉनिटरिंग का पहला केंद्र

वहीं, गुलमोहर पार्क RWA के अध्यक्ष अतुल बाल ने बताया कि पानी दूषित होने की समस्या लगभग तीन सप्ताह पहले शुरू हुई थी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने विधायक कार्यालय और दिल्ली जल बोर्ड से संपर्क किया। विधायक के ऑफिस और DJB, दोनों ने ने मिलकर करीब दो सप्ताह तक काम किया और अलग-अलग स्थानों पर प्रदूषण के स्रोतों की पहचान की। उन्होंने कहा कि लगातार प्रयासों के बाद अब पानी दूषित होने की समस्या पूरी तरह खत्म हो गई है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article