शहर

दिल्ली के उस्मानपुर में दर्दनाक हादसा, मकान की छत गिरने से दंपति की मौत

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के उस्मानपुर स्थित जयप्रकाश नगर में एक मकान की छत गिर गई। हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि उनका बच्चा सुरक्षित बच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया।

Image

उस्मानपुर में मकान की छत गिरने से दर्दनाक हादसा (सांकेतिक फोटो)

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के उस्मानपुर इलाके में रविवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। गोंडा के जयप्रकाश नगर (जेपी नगर) में एक मकान की छत भरभराकर अचानक गिर गई। जिससे घर में मौजूद पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि उनका 9-10 वर्षीय बेटा सुरक्षित बच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। लेकिन दंपति की जान नहीं बच सकी। पुलिस और फायर ब्रिगेड टीम भी मौके पर घटनास्थल पहुंची। घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है, मामले की जांच की जा रही है।

रात करीब 9:45 बजे हुआ हादसा

एक स्थानीय निवासी बलबीर सिंह परमार ने बताया कि यह घटना रविवार रात करीब 9:45 बजे हुई। मकान में पति, पत्नी और उनका एक बच्चा रह रहे थे। छत गिरते ही दंपति मलबे में दब गए।

स्थानीय लोगों ने तुरंत शुरू किया राहत कार्य

बलबीर के अनुसार, उन्होंने और आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। घायल पति को अपनी कार से अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर उसे नहीं बचा सके। हादसे में महिला की भी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय बीट कॉन्स्टेबल, उसके बाद उस्मानपुर थाने के एसएचओ और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया।

बच्चा सुरक्षित, परिजनों को दी गई सूचना

स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे में दंपति का 9-10 साल का बच्चा सुरक्षित बच गया। उसके रिश्तेदारों को घटना की सूचना दे दी गई है। बताया जा रहा है कि मृतक मूल रूप से उत्तर प्रदेश के एटा या मैनपुरी जिले के रहने वाले थे। पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मकान की छत गिरने के कारणों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article