शहर

दिल्ली के पालम अग्निकांड में 9 की मौत; PM मोदी के बाद CM रेखा ने मुआवजे का किया ऐलान

Palam Fire: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के पालम इलाके में बुधवार को एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लग गई। इस हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो गई है।

Image

दिल्ली के पालम अग्निकांड में 9 की मौत

Photo : PTI

Palam Fire: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के पालम इलाके में बुधवार को एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लग गई। इस हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो गई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस घटना पर गहरा दुख जताया और मृतक के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक मदद का ऐलान किया है।

CM रेखा ने जताया दुख

सीएम रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि पालम में हुई भीषण अग्निकांड से मैं अत्यंत व्यथित हूं। मासूमों की जान जाना हृदयविहीन है। मेरी हार्दिक संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और उनके परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति दें।

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और हर संभव सहायता सुनिश्चित करेगी। आर्थिक सहायता इस प्रकार से प्रदान की जा रही है: मृत वयस्क परिवारों को 10 लाख रुपए प्रत्येक, मृत नाबालिगों के परिवारों को 5 लाख रुपए प्रत्येक और गंभीर रूप से घायलों को 2 लाख रुपए प्रत्येक। उन्होंने कहा कि हम इस कठिन समय में राहत, सहायता और सभी आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

PM मोदी ने भी जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को दिल्ली के पालम में आग लगने की घटनाओं में हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त किया है तथा प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

क्या है पूरा मामला?

बता दें कि दिल्ली के पालम इलाके में बुधवार को एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की सूचना मिलते ही दिल्ली अग्निशमन सेवा की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरी इमारत धुएं और लपटों से घिर गई।

25 गाड़ियों ने संभाला मोर्चा

दमकल विभाग के अनुसार, मौके पर आग बुझाने के लिए कुल 25 गाड़ियों को तैनात किया गया है। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश की और धीरे-धीरे स्थिति को नियंत्रित किया गया। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस ने इलाके को कराया खाली

इस हादसे में इमारत के अंदर मौजूद कई लोग धुएं के कारण फंस गए थे। राहत टीमों ने समय रहते लोगों को बाहर निकाला। स्थानीय लोगों का कहना है कि आग लगने के बाद इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई थी। कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और दमकल विभाग की टीमों को सहयोग करने लगे। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर आसपास के क्षेत्र को खाली कराया और यातायात को नियंत्रित किया।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article