शहर

दिल्ली में DCP के घर चोरी का 24 घंटे में खुलासा, सामान के साथ आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली में डीसीपी के सरकारी आवास में हुई चोरी के मामले को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद कर लिया है।

Image

DCP आवास चोरी केस में एक आरोपी गिरफ्तार (सांकेतिक फोटो)

Photo : iStock

Delhi Crime News: दिल्ली के काका नगर इलाके में एक डीसीपी के आवास पर हुई चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर सारा सामान बरामद कर लिया है। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने चोरी हुआ आईफोन, हीरे की अंगूठी, नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेजों सहित सभी सामान बरामद कर लिया। पुलिस ने पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) के घर हुईं चोरी की घटना को 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया।

घटना 11 अगस्त को हुई जब अधिकारी ड्यूटी के लिए सुबह करीब 5.30 बजे अपने आवास से निकले। वह सुबह करीब 8 बजे लौटे और घर में समान बिखरा हुआ देखा, जिसके बाद तुगलक रोड थाने को मामले की सूचना दी गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अधिकारी रसोई के पास स्थित ऐसे दरवाजे से बाहर निकले थे, जिसमें ताला लगाने की सुविधा नहीं थी। उन्होंने बताया कि वापस लौटने पर उन्हें घर से कई सामान गायब मिले।

पुलिस ने चोरी का सारा सामान किया बरामद

चोरी की गई वस्तुओं में उनकी पत्नी का आईफोन, एक हीरे की अंगूठी, लगभग 10,000 रुपये नकद, एक पर्स और बटुआ शामिल था, जिसमें डेबिट और क्रेडिट कार्ड और कई पहचान दस्तावेज रखे थे। सूत्र ने कहा कि अधिकारी का बटुआ भी चोर ले गया, जिसमें उनका दिल्ली पुलिस का पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस और सीजीएचएस कार्ड था। घर में काम करने वाली एक घरेलू सहायिका का मोबाइल फोन भी चोरी हो गया।

पुलिस ने 24 घंटे के अंदर सुलझाया पूरा मामला

तुगलक रोड थाने में मामला दर्ज किया गया और जिला अपराध टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। सूत्र ने कहा कि पुलिस ने आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया और तकनीकी और स्थानीय जांच की, जिससे 24 घंटे के भीतर चोरी हुए सामान की बरामदगी हो गई और एक आरोपी की गिरफ्तारी हुई।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article