शहर

Delhi News: मामूली विवाद बना जानलेवा; गाली-गलौज से मना करने पर शख्स की चाकू मारकर हत्या

दिल्ली में अपराध की बढ़ती घटनाओं ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नॉर्थ वेस्ट दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में मामूली विवाद के बाद 50 वर्षीय बिहारी लाल की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई है और स्थानीय लोग पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जता रहे हैं। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।

Image

घटनास्थल पर मौजूद पुलिस; इनसेट में मृतक की फाइल फोटो

Photo : Times Now Digital

Delhi Murder: दिल्ली में बढ़ते अपराध एक बार फिर सवालों के घेरे में हैं। ताजा मामला नॉर्थ वेस्ट दिल्ली के आदर्श नगर थाना क्षेत्र का है, जहां गली में गाली-गलौज करने से रोकने पर 50 वर्षीय शख्स की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान बिहारी लाल के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले शख्स थे।

मामूली बात पर भड़के आरोपी

जानकारी के अनुसार, लालबाग इलाके में कुछ युवक गली में गाली-गलौज कर रहे थे। इसी दौरान बिहारी लाल ने उन्हें ऐसा करने से मना किया। यह बात युवकों को इतनी नागवार गुजरी कि उन्होंने गुस्से में आकर बिहारी लाल पर चाकू से कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। पड़ोसियों का कहना है कि इलाके में इस तरह की घटनाएं आम होती जा रही हैं और सख्त कार्रवाई न होने से अपराधियों के हौसले बढ़े हुए हैं। लोगों ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी जताई।

एक आरोपी गिरफ्तार, दो फरार

वारदात की सूचना मिलते ही आदर्श नगर थाना पुलिस और एसीपी जहांगीरपुरी समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। क्राइम टीम और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। स्थानीय लोगों की मदद से एक आरोपी को मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हो गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मृतक बिहारी लाल अपने परिवार का इकलौता सहारा थे। उनके परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है। परिजनों का कहना है कि अब परिवार के पालन-पोषण को लेकर गंभीर संकट खड़ा हो गया है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

पोस्टमार्टम की तैयारी, जांच तेज

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बाबू जगजीवन राम अस्पताल, जहांगीरपुरी की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं और पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article