राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए पूर्वोत्तर के प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) के एक वांछित आतंकी को गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस की विशेष क्राइम ब्रांच की टीम ने एक गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई करते हुए आरोपी को दक्षिण दिल्ली इलाके से धर दबोचा।
दक्षिण दिल्ली में छिपा हुआ था आरोपी
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किया गया मिलिटेंट लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों की नजरों से बचकर फरार चल रहा था और अपनी पहचान बदलकर दक्षिण दिल्ली के एक गुप्त ठिकाने पर छिपा हुआ था। क्राइम ब्रांच को उसके दिल्ली में छिपे होने के पुख्ता इनपुट मिले थे, जिसके बाद जाल बिछाकर उसे दबोच लिया गया।
मणिपुर में UAPA के तहत दर्ज है मामला
जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी मणिपुर के थौबल थाने में दर्ज गंभीर मामलों में मुख्य रूप से वांटेड था। आरोपी के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (निवारण) अधिनियम यानी UAPA (Unlawful Activities Prevention Act) और अन्य कई संगीन धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज हैं। दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम अब मणिपुर पुलिस और अन्य केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह दिल्ली में किस मकसद से छिपा था और क्या राजधानी या आसपास के इलाकों में किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की योजना थी या नहीं।
