शहर

दिल्ली विधानसभा में आज से 'बजट संग्राम'; खीर सेरेमनी के साथ शुरू होगा सत्र, केजरीवाल के बंगले और CAG रिपोर्ट बढ़ाएगी सदन की गर्मी

दिल्ली के लिए आज का दिन बेहद खास है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार आज से दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र शुरू करने जा रही है। 23 मार्च से 25 मार्च तक चलने वाले इस महत्वपूर्ण सत्र में दिल्ली के विकास का नया खाका खिंचने की उम्मीद है।

Image

आज से शुरू होगा दिल्ली का बजट सत्र (फाइल फोटो | PTI)

Photo : PTI

Delhi Budget Session: दिल्ली विधानसभा का तीन दिवसीय बजट सत्र आज सोमवार से शुरू हो रहा है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार मंगलवार को अपना दूसरा बजट पेश करेगी, जिसे इस बार 'ग्रीन बजट' के रूप में तैयार किया गया है। सत्र के पहले दिन की शुरुआत एक नई परंपरा 'खीर सेरेमनी' के साथ होगी, जिसमें मुख्यमंत्री और सभी मंत्री शामिल रहेंगे। आज ही सदन के पटल पर दिल्ली की आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट (Economic Survey) भी रखी जाएगी, जो पिछले एक साल में राजधानी की प्रगति का लेखा-जोखा पेश करेगी।

CAG रिपोर्ट और 'फांसीघर' मामले पर हंगामे के आसार

भले ही सरकार बजट को लेकर उत्साहित हो, लेकिन विपक्ष ने घेराबंदी की पूरी तैयारी कर रखी है। सदन में आज छह महत्वपूर्ण कैग (CAG) रिपोर्ट पेश की जानी हैं। इनमें दिल्ली जल बोर्ड, राज्य के वित्त और राजस्व के साथ-साथ पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास के रिनोवेशन से जुड़ी विवादित रिपोर्ट भी शामिल है। इसके अलावा, चर्चित 'फांसीघर' मामले में विशेषाधिकार समिति की फाइनल रिपोर्ट भी पटल पर रखी जा सकती है, जिससे सदन में तीखी बहस और हंगामे की संभावना जताई जा रही है।

1 लाख करोड़ का हो सकता है बजट

अनुमान के मुताबिक, मंगलवार को पेश होने वाला दिल्ली का वार्षिक बजट पहली बार 1 लाख करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर सकता है। इस बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर, महिलाओं की सुरक्षा, गिग वर्कर्स के कल्याण और किन्नर समुदाय के अधिकारों पर विशेष ध्यान दिए जाने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने बजट तैयार करने से पहले किसानों, व्यापारियों और युवाओं के साथ सीधा संवाद भी किया है।

डिजिटली चलेगी विधानसभा

विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने इस बार सदन को और अधिक आधुनिक बनाने पर जोर दिया है। विधायकों की मदद के लिए 'विधान साथी' चैटबॉट जैसी डिजिटल सुविधाएं शुरू की गई हैं। सत्र के पहले दिन भाजपा विधायक शिखा राय द्वारा एक निंदा प्रस्ताव भी लाया जाएगा, जो लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ विपक्ष के निष्कासन प्रस्ताव के विरोध में होगा।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article