शहर

आ गई दिल्ली-अमृतसर-कटरा Expressway की डेडलाइन, जानें कब पूरा होगा काम

दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे का निर्माण अब मार्च 2028 तक पूरा किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार 11 मार्च को राज्यसभा में बताया कि परियोजना के कई हिस्सों में देरी और कुछ ठेकों के रद्द होने के कारण नई टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई है। काम पूरा हो जाने के बाद यह एक्सप्रेसवे दिल्ली, पंजाब और जम्मू-कश्मीर के बीच कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगा।

Image

इस एक्सप्रेसवे के बनने के बाद दिल्ली से कटरा सिर्फ 7 घंटे में पहुंच जाएंगे

देश में हर तर एक से बढ़कर एक एक्सप्रेसवे बनाए जा रहे हैं। इनमें देश के सबसे लंबे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के साथ ही दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे और दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे का नाम लिया जा सकता है। देश की राजधानी दिल्ली को पंजाब में अमृतसर और जम्मू-कश्मीर में कटरा तक जोड़ने के लिए दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे बनाया जा रहा है। इस 667 किमी लंबे एक्सप्रेसवे के बन जाने के बाद दिल्ली से गोल्डन टेम्पल और श्रीमाता वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी सहूलियत होगी। लेकिन इस एक्सप्रेसवे के निर्माण में देरी हो रही है। अब इस एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य पूरा होने की नई डेडलाइन सामने आई है।

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कल यानी बुधवार 11 मार्च को राज्यसभा में जानकारी देते हुए बताया कि इस परियोजना को अब चरणबद्ध तरीके से मार्च 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मंत्री ने बताया कि परियोजना के कुछ हिस्सों में काम धीमा होने और ठेकेदारों की समस्याओं के कारण कई कॉन्ट्रैक्ट रद्द करने पड़े हैं। कुल 147.66 किलोमीटर के चार सेक्शन के कॉन्ट्रैक्ट समाप्त कर दिए गए हैं और अब इन पर नए सिरे से टेंडर जारी किए गए हैं।

इन हिस्सों पर बोली प्रक्रिया फिर शुरू

नितिन गडकरी ने राज्यसभा में बताया कि इनमें सेक्शन VIII (35.09 किमी), सेक्शन X (39.5 किमी), सेक्शन XI (43.02 किमी) और अमृतसर स्पर सेक्शन II (30.05 किमी) शामिल हैं। इन हिस्सों में अब नई बोली प्रक्रिया के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

इन हिस्सों की डेडलाइन बढ़ाई गई

यही नहीं, परियोजना के कुछ अन्य हिस्सों में भी डेडलाइन बढ़ाई गई है। अमृतसर स्पर सेक्शन I (16.9 किमी) का काम पहले अप्रैल 2026 तक पूरा होना था, लेकिन अब इसकी नई डेडलाइन मार्च 2028 कर दी गई है। वहीं अमृतसर स्पर सेक्शन III (28.07 किमी) का काम पूरा होने की डेडलाइन अक्टूबर 2024 से बढ़ाकर फरवरी 2027 तक कर दी गई है। मुख्य कॉरिडोर के सेक्शन XV (35.15 किमी) का निर्माण अब सितंबर 2024 की जगह अक्टूबर 2026 तक पूरा होने की उम्मीद है।

एक्सप्रेसवे के ये हिस्से हो चुके हैं तैयार

हालांकि, दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे परियोजना के कुछ हिस्सों का काम पहले ही पूरा हो चुका है। इसमें हरियाणा में सेक्शन I, II, III और IV सहित कुल चार हिस्सों का निर्माण दिसंबर 2023 से जनवरी 2024 के बीच पूरा किया जा चुका है। इसके अलावा पंजाब में सेक्शन VI (30.91 किमी) भी पहले ही तैयार हो चुका है।

यहां जल्द काम पूरा हो जाएगा

इस परियोजना के कई अन्य हिस्सों में निर्माण कार्य अब भी जारी है। सेक्शन V (37.67 km) और VII (36.94 km) को मार्च 2026, सेक्शन IX (43.04 km) को जून 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा सेक्शन XIV (44.6 km) और XVI (20.39 km) के भी जून 2026 तक तैयार होने की संभावना है।

दिल्ली–अमृतसर–कटरा एक्सप्रेसवे तैयार हो जाने के बाद दिल्ली से अमृतसर की दूरी लगभग 40 किलोमीटर कम हो जाएगी। लेकिन इसमें सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि समय की बड़ी बचत होगी, क्योंकि यात्रा का समय करीब 5 घंटे का रह जाएगा। वहीं दिल्ली से कटरा तक की यात्रा लगभग 7 घंटे में पूरी की जा सकेगी। यह एक्सप्रेसवे राष्ट्रीय राजधानी, हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!