शहर

Delhi Airport : खुलने वाला है दिल्ली एयरपोर्ट का तीसरा रनवे, कंपलीट हुआ अपग्रेडेशन; मिलेंगी ये खास सुविधाएं

इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के तीसरे रनवे के मरम्मत कार्य पूरा होने और रेगुलेटरी मंजूरी मिलने के बाद उसे 20 सितंबर से फिर से खोल दिया जाएगा। फिलहाल, जरूरी निरीक्षणों, वैलिडेशन और रेगुलेटरी मंज़ूरी के बाद, अपग्रेड किया गया रनवे अब ऑपरेशनल इस्तेमाल के लिए तैयार है।

Image

एयरपोर्ट का तीसरा रनवे तैयार (फोटो-Twitter)

Delhi Airport : दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के तीसरे रनवे पर सेवाएं 20 सितंबर से फिर से बहाल होगी और इसमें करीब सात माह बाद परिचालन शुरू हो जाएगा। रनवे को मजबूती देने और अपग्रेडिंग के लिए बंद कर दिया गया था। निजी हवाईअड्डा संचालक दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) ने शनिवार को बताया कि रनवे 11आर/29एल (तीसरा रनवे) का जीर्णोद्धार कार्य पूरा हो गया है और इसको फिर से सेवा में लाने के लिए सभी जरूरी नियामकीय मंजूरियां मिल गई हैं।

डीआईएएल, अवसंरचना क्षेत्र की कंपनी जीएमआर समूह के नेतृत्व वाले समूह और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) का संयुक्त उपक्रम है। कंपनी ने कहा कि इस साल फरवरी में शुरू हुए जीर्णोद्धार कार्य के तहत रनवे की सतह को फिर से तैयार करने, रनवे 29एल के स्थायी थ्रेशोल्ड को आगे करने, नए रैपिड एग्जिट टैक्सीवे (आरईटी जेड1) के निर्माण, एयरफील्ड ग्राउंड लाइटिंग सिस्टम के उन्नयन और रनवे की सतह को मजबूत करने सहित कई काम किए गए।

डीआईएएल के अनुसार, उन्नत किए गए रनवे को सभी जरूरी निरीक्षण, सत्यापन और नियामकीय मंजूरियां मिलने के बाद परिचालन के लिए तैयार किया गया है। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर तीसरा रनवे 2008 में शुरू किया गया था। देश के सबसे व्यस्त हवाईअड्डे के रूप में दिल्ली हवाई अड्डे पर चार रनवे के जरिये प्रतिदिन 1,300 से अधिक उड़ानों का आवागमन होता है। इसकी सालाना यात्री क्षमता 10.6 करोड़ है।

प्रदीप पनिकर ने क्या कहा?

DIAL के CEO प्रदीप पनिकर ने कहा कि रनवे 11R/29L का फिर से चालू होना दिल्ली एयरपोर्ट की भविष्य के लिए तैयार एविएशन इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने की लगातार यात्रा में एक अहम पड़ाव है। इस जटिल मरम्मत कार्यक्रम का सफल समापन सुरक्षा, ऑपरेशनल उत्कृष्टता और यात्री सेवा के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने आगे कहा, "अपग्रेड किया गया रनवे, नए रैपिड एग्जिट टैक्सीवे और बेहतर नेविगेशन और लाइटिंग सिस्टम के साथ, देश की बढ़ती एविएशन ज़रूरतों को पूरा करते हुए दिल्ली एयरपोर्ट की क्षमता और मज़बूती को और बढ़ाएगा।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article