शहर

उत्तराखंड में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, देहरादून में 9 जुलाई को स्कूल-आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद; IMD की आई चेतावनी

देहरादून डीएम ने भारी बारिश के अलर्ट के बाद मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि सभी शिक्षण संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए।

Image

देहरादून में बारिश के कारण बंद रहेंगे स्कूल (फोटो-Istock)

देहरादून : उत्तराखंड में लगातार सक्रिय मानसून के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 9 जुलाई के लिए देहरादून समेत पांच जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए देहरादून जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए जिले के कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, निजी विद्यालयों और सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में गुरुवार, 9 जुलाई 2026 को एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया है।

जिलाधिकारी एवं जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. आशीष चौहान द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि IMD और नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल की ओर से भारी से अत्यधिक भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज वर्षा की संभावना जताई गई है। विद्यार्थियों और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया गया है। डीएम ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि सभी शिक्षण संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए।

इन जिलों में भी ऑरेंज अलर्ट

देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, गुरुवार को देहरादून, हरिद्वार, उधम सिंह नगर, नैनीताल और चंपावत जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके मद्देनजर राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी संबंधित जिलाधिकारियों को सतर्क रहने और आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

कहां कितनी बारिश

बुधवार को राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 33.5 मिमी बारिश नैनीताल में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा कालाढूंगी में 30 मिमी, डंगोली में 28.5 मिमी, भीमताल में 27.5 मिमी, नरेंद्रनगर में 27 मिमी, पौड़ी में 26.5 मिमी, चोरगलिया में 25.5 मिमी, कौसानी में 24 मिमी, देवप्रयाग में 21 मिमी, कोश्याकुटोली में 20.5 मिमी, जागेश्वर में 19.5 मिमी, चंबा में 19 मिमी, नई टिहरी में 17.5 मिमी और रानीचौरी में 17 मिमी बारिश दर्ज की गई। कई अन्य क्षेत्रों में भी हल्की बारिश हुई।

लगातार बारिश के कारण प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य या सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। देहरादून का अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री कम है। वहीं मुक्तेश्वर में 17.6 डिग्री और नई टिहरी में 21.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5-5 डिग्री कम रहा।

मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, अनावश्यक यात्रा न करने और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। जिला प्रशासन ने भी आपदा की किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article