Doon Medical College Ragging Case: उत्तराखंड के देहरादून स्थित गवर्नमेंट दून मेडिकल कॉलेज में रैगिंग और मारपीट से जुड़े मामले को लेकर रविवार को बड़ी कार्रवाई हुई। बता दें कि कॉलेज प्रशासन ने दो मेडिकल छात्रों को हॉस्टल से निष्कासित कर दिया है।
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, दून मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने रैगिंग मामले में दो छात्रों हॉस्टल से निष्कासित कर दिया है जिनकी पहचान एमबीबीएस के 2024 और 2023 बैच के छात्र के तौर पर हुई है। चीफ वार्डन ने बताया कि एमबीबीएस फर्स्ट ईयर के एक छात्र के साथ दुर्व्यवहार और रैगिंग की शिकायत के बाद दो सीनियर छात्रों को अगले आदेश तक हॉस्टल से निकाल दिया गया है, क्योंकि जांच प्रक्रिया अभी चल रही है।
क्या है पूरा मामला?
एमबीबीएस के फर्स्ट ईयर के छात्र ने सीनियर्स पर रैगिंग और मारपीट के आरोप लगाए हैं। छात्र ने वार्डन को चिट्ठी लिखकर रैगिंग और मारपीट की शिकायत की। छात्र ने आरोप लगाया कि सीनियर्स ने उसके साथ बेल्ट-चप्पलों से मारपीट की और उसे जबरन बाल कटवाने के लिए भी कहा।
