शहर

दौसा में भीषण हादसा; डिवाइडर फांदकर ट्रेलर से टकराई कार, शादी में जा रहे 6 दोस्तों की मौत

राजस्थान के दौसा में नेशनल हाईवे-21 पर एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा सामने आया है। कैलाई के पास एक अनियंत्रित कार डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में जा घुसी और सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई। इस भीषण भिड़ंत में शादी समारोह में जा रहे कालाखो गांव के 6 युवकों की मौत हो गई।

Image

हादसे में कार के परखच्चे उड़े

Photo : Times Now Digital

Dausa Accident: राजस्थान के दौसा जिले में जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे-21 पर मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। कैलाई गांव के पास हुई इस भीषण टक्कर में कालाखो गांव के रहने वाले 6 दोस्तों की मौत हो गई। सभी युवक एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे, लेकिन खुशियों का यह सफर मातम में बदल गया।

अनियंत्रित कार की ट्रेलर से हुई टक्कर

हादसा बीती रात करीब 11 बजे सिकंदरा थाना क्षेत्र के कैलाई गांव के समीप हुआ। कालाखो गांव के छह युवक कार में सवार होकर एक शादी समारोह में शिरकत करने जा रहे थे। अचानक कार की रफ्तार तेज होने या तकनीकी खराबी के कारण चालक ने संतुलन खो दिया। कार हाईवे का डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में चली गई, जहां सामने से आ रहे एक अज्ञात ट्रेलर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

4 ने मौके पर ही तोड़ा दम

हादसे की सूचना मिलते ही एसपी सागर राणा समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। कार में फंसे युवकों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। इस दर्दनाक हादसे में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने दौसा जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। एक गंभीर घायल को जयपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए शव

इस भीषण हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान लोकेश योगी, दिलखुश योगी, मनीष योगी, समय सिंह योगी, अंकित बैरवा और नवीन के रूप में हुई है। सभी मृतक दौसा के कालाखो गांव के ही रहने वाले थे। एक साथ छह चिराग बुझने की खबर जैसे ही गांव पहुंची, वहां कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहन को हादसे की वजह माना जा रहा है। हाईवे पर यातायात को बहाल करने के लिए क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से हटाया गया।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article