शहर

दिखावा क्यों करते प्रधानमंत्री...फ्यूल संकट में गाड़ियां कम करने पर यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने साधा निशाना

यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि हम सब जमीनी स्तर के लोग हैं। मैं आज साइकिल से यात्रा करूंगा। जब कोई संकट आता है, तो सबसे पहले खुद पर उपाय करने शुरू करने चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी से मेरा अनुरोध है कि वे स्वयं पहले ईंधन के उपयोग पर अंकुश लगाना शुरू करें।

Image

कांग्रेस यूपी अध्यक्ष अजय राय

वाराणसी में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने केंद्र सरकार पर कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने फ्यूल सेविंग, राहुल गांधी के विदेश दौरे, NEET पेपर लीक और समाजवादी पार्टी नेता राजकुमार भाटी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी सरकार को घेरा। फ्यूल सेविंग और संभावित ईंधन संकट को लेकर अजय राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस मुद्दे पर पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव से पहले ही देश को सचेत करना चाहिए था। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी पहले ही फ्यूल क्राइसिस और आर्थिक चुनौतियों को लेकर चेतावनी दे चुके थे, लेकिन केंद्र सरकार ने उस समय इन बातों को गंभीरता से नहीं लिया। प्रधानमंत्री मोदी से मेरा अनुरोध है कि वे स्वयं पहले ईंधन के उपयोग पर अंकुश लगाना शुरू करें।

अजय राय ने कहा कि देश पर किसी भी तरह की विपदा न आए, इसके लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने बताया कि वह खुद बाइक से चल रहे हैं और अपने काफिले की गाड़ियों की संख्या भी कम कर दी है, ताकि ईंधन की बचत हो सके।

राहुल गांधी के विदेश दौरे को लेकर बीजेपी के सवालों पर जवाब देते हुए अजय राय ने कहा कि राहुल गांधी नेता विपक्ष और सांसद हैं, उन्हें मिलने वाले भत्ते के तहत वह यात्रा करते हैं। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बताना चाहिए कि वह किसके पैसे से विदेश दौरे करते हैं। अजय राय ने आरोप लगाया कि देश में संकट जैसे हालात के बीच प्रधानमंत्री लगातार विदेश यात्राएं कर रहे हैं और इसका जवाब जनता को मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि पीएम ने अभी सोमनाथ मंदिर के बाहर गाड़ियों से रोड शो किया। उन्हें पहले ये नियम अपने पर लागू करना चाहिए फिर दूसरों पर थोपें।

समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी के कथित ब्राह्मण विरोधी बयान पर भी अजय राय ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जिस भाषा का इस्तेमाल किया गया, वह बेहद शर्मनाक है। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मांग की कि राजकुमार भाटी को तुरंत पार्टी से निलंबित किया जाए।

NEET पेपर लीक मामले पर कांग्रेस नेता ने केंद्र सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पिछली बार भी पेपर लीक के बाद जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, बल्कि उन्हें अहम पद दे दिए गए। अजय राय ने कहा कि जब भ्रष्ट और लापरवाह अधिकारियों को बड़े पदों पर बैठाया जाएगा तो पेपर लीक जैसी घटनाएं कैसे रुकेंगी। उन्होंने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों ने लाखों छात्रों और अभिभावकों का भरोसा तोड़ा है। सरकार को केवल जांच के दावे करने के बजाय शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करनी होगी।

End of Article