शहर

ऐसा कौन सा काम करके लौट रहे थे जो कार्यकर्ता पटाखे जलाने लगे, गठबंधन के सहयोगी ने केजरीवाल की जमानत पर कसा तंज

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को कथित दिल्ली शराब नीति घोटाला मामले में निचली अदालत ने जमानत दी, लेकिन दिल्ली हाईकोर्ट ने रोक लगा दी। इस पर पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने AAP पर तंज कसा है। जानें उन्होंने क्या कहा -

Image

ऐसा कौन सा काम करके लौट रहे थे जो कार्यकर्ता पटाखे जलाने लगे, गठबंधन के सहयोगी ने केजरीवाल की जमानत पर कसा तंज

चंडीगढ़ : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) को दिल्ली के कथित शराब घोटाला (Delhi Liquor Scam) मामले में कल यानी गुरुवार को जमानत मिलने की खबर से AAP कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़ने शुरू कर दिए और सोशल मीडिया पर सत्य की जीत के पोस्ट होने लगे। लेकिन ED ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया तो अदालत ने सुनवाई होने तक जमानत पर रोक लगा दी। इस पर विपक्षी गठबंध INDIA में सहयोगी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने AAP पर जबरदस्त तंज मारा। चन्नी ने पंजाब की भगवंत मान सरकार को भी आड़े हाथों लिया।

पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि चुनाव से पहले AAP पार्टी के नेता मीटिंग करते हैं, लेकिन इनसे किसी भी समस्या का समाधान नहीं हो पाता। चन्नी ने कहा कि आज पंजाब के पश्चिमी इलाके में गंदा पानी आ रहा है। दो साल हो गए, आप पार्टी की सरकार को सत्ता में आए, लेकिन इनकी सरकार ने किसी भी ट्यूबवेल की मरम्मत नहीं की। इलाके का पानी इतना गंदा है कि कोई इससे नहा भी नहीं सकता, पीने की बात तो दूर।

चन्नी ने कहा कि इसी तरह गलियों में सीवरेज का गंदा पानी बह रहा है। आप पार्टी को चाहिए था कि सवा दो साल में वह जनता के लिए कुछ बेहतर सोचे, लेकिन मान सरकार ने ऐसा नहीं किया। चन्नी ने कहा कि अब इस पार्टी के नेताओं को हराने का समय आ गया है। चन्नी ने कहा कि दो साल में इनकी सत्ता के दौरान लूटपाट, नशा सहित कई बुरे काम काफी बढ़ गए हैं, इनका लॉ एंड ऑर्डर पूरी तरह फेल है।

वहीं केजरीवाल की जमानत को लेकर चन्नी ने कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि उन्हें पता लगा है कि बॉर्डर पर लड़ाई लड़ने के लिए सीएम केजरीवाल गए हुए थे और वहां पर जीत हासिल हुई तो वह वापिस लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी वापसी को लेकर पटाखे चलाए जा रहे थे कि रास्ते में ही पता चला कि अभी लड़ाई और बाकी है, जिसके चलते उन्हें वापस बुला लिया गया।

बता दें कि केजरीवाल को दिल्ली की निचली अदालत ने गुरुवार को जमानत दे दी थी, लेकिन शुक्रवार को हाई कोर्ट ने उनकी रिहाई पर रोक लगा दी। चन्नी इसी बात का मजाक उड़ा रहे थे। चन्नी ने कहा कि 100 चूहे खाकर बिल्ली हज को जा रही है। कौन सा ऐसा काम करके लौट रहे थे कि कार्यकर्ताओं ने पटाखे जलाने शुरू कर दिए थे।

- IANS

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article