दिल्ली : केशवपुरम इलाके से बुधवार की रात एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एकतरफा प्यार में पागल युवक ने अपनी ही सहकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने शुरू किए।
क्या है पूरा मामला?
प्राथमिक जांच में पता चला है कि आरोपी और 20 वर्षीय मृतका एक ही इमारत में कार्यरत थे। आरोपी युवक युवती से एकतरफा प्यार करता था, जिसे लेकर अक्सर विवाद होता था। बुधवार शाम को युवक ने मौका पाकर युवती पर गोली चला दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गया।
केशवपुरम पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है। डीसीपी ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की कई विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस ने बिल्डिंग में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी कब्जे में लिया है ताकि घटना के सटीक कारणों और आरोपी के भागने के रूट का पता लगाया जा सके।
महिला से छेड़छाड़ का विरोध किया तो युवक को घोंप दिया चाकू
उत्तर पश्चिमी दिल्ली के भारत नगर स्थित एक पार्क में 26 वर्षीय महिला से छेड़छाड़ का विरोध करने पर व्यक्ति की कथित तौर पर चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर एक नाबालिग को पकड़ा गया है, जबकि घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास जारी है। अधिकारियों ने बताया कि इस हमले में महिला भी चाकू लगने से गंभीर रूप से घायल हो गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पार्क में बैठे पुरुष और महिला के पास चार से पांच युवक पहुंचे और उन्होंने कथित तौर पर महिला से छेड़छाड़ शुरू कर दी। जब पुरुष ने विरोध किया, तो उन्होंने दोनों पर चाकुओं से हमला कर दिया और मौके से भाग गए। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के मैनपुरी निवासी सुनील के रूप में हुई है। जहांगीरपुरी निवासी महिला देवकी के फेफड़े में चोट लगने की आशंका के चलने उसे उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।
दिल्ली में किशोर की हत्या
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू कर्दमपुरी इलाके में 17-वर्षीय एक किशोर की कुछ युवकों ने कथित रूप से चाकू घोंपकर हत्या कर दी। पीड़ित के परिवार के मुताबिक, मंगलवार शाम को आरोपियों ने लड़के को घर से बाहर बुलाया और जब वह मौके पर पहुंचा तो उसे कथित रूप से चाकू से गोद दिया गया। स्थानीय लोगों ने उसे (नाबालिग को) आजाद चौक के पास एक अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पीड़ित के पिता ऑटो रिक्शा चलाते हैं और वह अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके परिवार में उसकी दो बहनें भी हैं। सूचना मिलने पर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारी ने बताया कि इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है तथा आरोपियों की पहचान करने एवं उन्हें पकड़ने के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस ने कहा कि हत्या के मकसद की जांच की जा रही है।
