शहर

CM ममता बनर्जी का बड़ा आरोप: वोट काउंटिंग में गड़बड़ी, एजेंटों को केंद्र न छोड़ने की अपील

सीएम ममता बनर्जी ने मतगणना में गड़बड़ी के गंभीर आरोप लगाते हुए काउंटिंग एजेंटों को केंद्र न छोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि शुरुआती राउंड के आंकड़ों से भ्रम फैलाया जा रहा है और कई स्थानों पर काउंटिंग रोकी गई है।

Image

सीएम ममता बनर्जी का मतगणना को लेकर गंभीर आरोप

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने वोटों की गिनती को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने काउंटिंग एजेंटों और उम्मीदवारों से अपील की है कि वे किसी भी स्थिति में अपने वोटिंग क्षेत्र को छोड़कर न आएं। ममता ने कहा कि शुरुआती राउंड में आंकड़ों को लेकर भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा है।

बीजेपी पर ममता ने लगाए गंभीर आरोप

ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा मतगणना के पहले दो-तीन राउंड के आंकड़े आगे दिखाकर माहौल बनाने का प्रयास कर रही है, जबकि बाद के राउंड में वास्तविक स्थिति सामने आएगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि कई स्थानों पर दो-तीन राउंड के बाद वोटों की गिनती रोक दी गई है। साथ ही कुछ जगहों पर मशीनों में गड़बड़ी का भी आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कल्याणी में सात मशीनें पकड़ी गई, जहां कोई मिलान नहीं है।

चुनाव आयोग पर निष्पक्ष न होने का आरोप

सीएम ने यह भी कहा कि पुलिस और केंद्रीय बलों के माध्यम से तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया है कि पार्टी दफ्तरों में तोड़फोड़ की जा रही है और जबरन कब्जा किया जा रहा है। ममता ने चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाते हुए उनपर निष्पक्ष तरीके से काम न करने का आरोप लगाया है।

ममता ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा- धैर्य बनाए रखें, हम जीतेंगे

सीएम ममता ने अपने कार्यकर्ताओं और एजेंटों से शांत रहने और धैर्य बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि "मन खराब करने की जरूरत नहीं है। ममता ने भरोसा जताया कि सभी राउंड की गिनती पूरी होने के बाद उनकी पार्टी जीत हासिल करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि "मैंने कहा था कि सूर्यास्त के बाद आप जीतेंगे। तीन-चार राउंड काउंट होने के बाद भी कुल चौदह से अठारह राउंड काउंटिंग होती है, तब आप जीतेंगे। भरोसा जताया कि सभी राउंड की गिनती पूरी होने के बाद उनकी पार्टी बेहतर प्रदर्शन करेगी और जीत हासिल करेगी।"

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article