शहर

Murshidabad: रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान मचा बवाल, पत्थरबाजी और आगजनी के बीच माहौल हुआ तनावपूर्ण, धारा 144 लागू

मुर्शिदाबाद जिले में शुक्रवार को रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान कुछ इलाकों में हिंसा की घटनाओं के चलते माहौल तनावपूर्ण हो गया। पत्थरबाजी, तोड़फोड़ और आगजनी की खबरों के बाद पुलिस ने प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी है। प्रशासन ने धारा 144 लागू कर चार या अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक लगा दी है।

Image

मुर्शिदाबाद में राम नवमी के दिन दो पक्षों के बीच झड़प (फोटो: ANI)

Photo : ANI

Murshidabad News: जहां एक ओर पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां जारी हैं, तो वहीं मुर्शिदाबाद जिले के कुछ हिस्सों में शुक्रवार को रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान हुई झड़पों के चलते माहौल तनावपूर्ण हो गए। जानकारी के मुताबिक, कई स्थानों से पत्थरबाजी, तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं। पुलिस ने बताया कि प्रभावित जांगीपुर और रघुनाथगंज इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बताया जा रहा है कि, इस संबंध में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। ऐसे में शहर में धारा 144 लागू की गई है, जिसके तहत चार या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक है।

पत्थर फेंके और इलाके में पहुंचाया संपत्ति को नुकसान

घटना के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि शोभायात्रा के दौरान कहासुनी हिंसा में तब्दील हो गई, जिसके बाद स्थिति और भी गंभीर हो गई। दो पक्षों ने एक-दूसरे पर पत्थर फेंके और इलाके में संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। उत्सव के मौके में, एक विशाल शोभायात्रा रघुनाथगंज के मैकेन्जी पार्क की ओर जी रही थी, तभी बवाल शुरू हो गया। इसी दौरान सिसतला इलाके में, शोभायात्रा के दौरान बजाए जा रहे गाने को लेकर हुए विवाद के चलते यात्रा में शामिल लोगों और स्थानीय लोगों के बीच झड़प हो गई।

बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों को किया गया तैनात

बताया जा रहा है कि, फुलतला क्रॉसिंग के पास जब शोभायात्रा उस इलाके में पहुंची तो पत्थरबाजी की घटनाओं के बाद तनाव फिर से भड़क उठा। दुकानों में तोड़फोड़ की गई और आग लगा दी गई, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है और तब से वे प्रभावित क्षेत्रों में गश्त कर रहे हैं और निगरानी रख रहे हैं।

"हालात अब नियंत्रण में हैं"

अधिकारी ने बताया, "हालात अब नियंत्रण में हैं। भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं और शांति एवं स्थिति को सामान्य बनाए रखने के लिए गश्त जारी है। हम स्थिति पर कड़ी नजर रख रहे हैं और हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे।" इस बीच, राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आईं।

भाजपा नेता धनंजय घोष ने की कार्रवाई की मांग

भाजपा नेता धनंजय घोष ने हिंसा को "पूर्व नियोजित" बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की, वहीं जंगीपुर नगर पालिका अध्यक्ष मोफिजुल इस्लाम ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और शांति बनाए रखने का आग्रह किया। अधिकारियों ने बताया कि प्रशासन ने निवासियों से शांत रहने की अपील की है क्योंकि पूरे जिले में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

नंदीग्राम में शुभेंदु अधिकारी ने निकाली शोभायात्रा

वहीं, भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने राज्य के पूर्वी मेदिनीपुर जिले में स्थित अपने निर्वाचन क्षेत्र नंदीग्राम में रामनवमी के मौके पर शोभायात्रा निकाली। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि पहले इस क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) समर्थित गुंडों द्वारा ऐसी रैलियों पर हमले किए जाते थे। नंदीग्राम से दोबारा चुनाव लड़ रहे अधिकारी ने दावा किया कि आठ साल के अंतराल के बाद इस क्षेत्र में ऐसी रैली का आयोजन किया गया, क्योंकि ’’रामनवमी समारोह के दौरान पूर्व में निकाली गईं शोभायात्राओं पर टीएमसी समर्थित गुंडों ने हमला किया था।’’

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 है करीब

गौरतलब है कि, यह घटना तब हुई है जब राज्य में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 (West Bengal Assembly Election 2026) की तारीख नजदीक आ रही है। राज्य की 294 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव दो फेज में कराए जाएंगे। वहीं, सरकार बनाने के लिए किसी भी दल को 148 सीटों पर बहुमत हासिल करनी होगी। मतदान की बात करें तो पहले चरण की वोटिंग 23 अप्रैल को और दूसरे चरण की वोटिंग 29 अप्रैल को होगी। दोनों चरणों के मतदान के बाद 4 मई को वोटों की गिनती की जाएगी और उसी दिन रिजल्ट घोषित किए जाएंगे।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article