Churu Hospital Accident: राजस्थान के चूरू जिले के एक सरकारी अस्पताल में बड़ा हादसा हो गया। अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार का छज्जा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। घटना के समय वहां मौजूद एक महिला मलबे की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गई। यह पूरी घटना अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
महिला के सिर में गंभीर चोट
यह घटना सुजानगढ़ स्थित राजकीय फतेहपुरिया मातृ एवं शिशु अस्पताल में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छज्जा गिरते ही उसका मलबा सीधे एक महिला पर आ गिरा, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। अस्पताल कर्मियों ने तुरंत महिला को राजकीय बगड़िया उप जिला अस्पताल में पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
जर्जर भवन में चल रहा है अस्पताल
जानकारी के अनुसार, वर्तमान में महिलाओं का अस्पताल पुराने ट्रॉमा सेंटर भवन में चलाया जा रहा है। भवन की हालत बेहद जर्जर है, जिसको लेकर पहले भी कई बार सवाल उठ चुके हैं। इसके बावजूद समय रहते मरम्मत या वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ।
सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा
छज्जा गिरने की पूरी घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल कर्मचारियों में दहशत का माहौल है।
स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर हादसे के समय वहां अधिक भीड़ होती तो बड़ा नुकसान हो सकता था। उन्होंने चिकित्सा विभाग से मांग की है कि भवन की तत्काल तकनीकी जांच कराई जाए, जर्जर हिस्सों की मरम्मत हो और मरीजों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
अस्पताल प्रभारी ने क्या कहा?
घटना के बाद अस्पताल प्रभारी डॉ. बंशीधर ने कहा कि भवन की हालत को लेकर पहले भी संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखा जा चुका है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही आवश्यक व्यवस्थाओं में सुधार किया जाएगा। फिलहाल घटना ने सरकारी अस्पतालों की जर्जर इमारतों और मरीजों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
