शहर

Maharashtra: रत्नागिरि के रासायनिक कारखाने में भीषण विस्फोट; 11 घायल, चार की हालत गंभीर

महाराष्ट्र के रत्नागिरि जिले में एक रासायनिक कारखाने में शुक्रवार को हुए विस्फोट से कई लोग घायल हो गए। यह हादसा मुंबई से करीब 250 किलोमीटर दूर लोटे परशुराम एमआईडीसी के ‘डॉ. खान इंडस्ट्रियल कंसल्टेंट्स’ की इकाई में एक रिएक्टर में आग लगने के कारण हुआ। घायलों में से चार की स्थिति गंभीर बताई जा रही है और उन्हें नवी मुंबई के बर्न सेंटर में भर्ती कराया गया है।

Image

रत्नागिरी की केमिकल फैक्ट्री में धमाका (सांकेतिक फोटो)

Ratnagiri Chemical Factory Explosion: महाराष्ट्र के रत्नागिरि जिले में शुक्रवार को एक रासायनिक कारखाने में विस्फोट होने से कम से कम 11 लोग घायल हो गए, जिनमें अधिकांश श्रमिक बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, मुंबई से करीब 250 किलोमीटर दूर लोटे परशुराम एमआईडीसी (रासायनिक क्षेत्र) में स्थित ‘डॉ. खान इंडस्ट्रियल कंसल्टेंट्स’ (डीकेआईसी) की इकाई में एक रिएक्टर में आग लगने के कारण यह विस्फोट हुआ, जिसमें चार घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

चार लोग गंभीर रूप से झुलसे

पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना शुक्रवार दोपहर लगभग दो बजे हुई। कर्मचारियों ने रिएक्टर में आग देखी, जो कुछ ही समय में विस्फोट में बदल गई। इसमें चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं और उन्हें नवी मुंबई के बर्न सेंटर में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज लोटे परशुराम के स्थानीय अस्पताल में किया जा रहा है।

तीन दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं

पुलिस अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार, आग बुझाने के लिए तीन दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं और दो घंटे में स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया। डीकेआईसी (डॉ. खान इंडस्ट्रियल कंसल्टेंट्स) सिलिका आधारित विभिन्न रासायनिक उत्पादों का प्रमुख निर्माता है और यह इस्पात, कपड़े, पेंट और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे कई उद्योगों की जरूरतों को पूरा करता है।

पुलिसकर्मियों को बॉडी-कैमरा से लैस किया जाएगा

वहीं, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को कहा कि पुलिस बल को आधुनिक बनाने और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए अगले तीन वर्षों में सभी पुलिसकर्मियों को बॉडी-कैमरा से लैस किया जाएगा। राज्य के 2026-27 के बजट में उन्होंने तकनीकी सुधारों पर जोर दिया, जिसमें डिजिटल शासन, साइबर सुरक्षा, पुलिसिंग और आपदा प्रबंधन को मजबूत करने के उपाय शामिल हैं। साथ ही, उन्होंने संपत्ति विवादों को कम करने और भूमि लेन-देन में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए कानूनी सुधारों का भी प्रस्ताव रखा। मुख्यमंत्री ने बताया कि विकसित महाराष्ट्र 2047 पहल के तहत स्मार्ट पुलिसिंग और न्याय वितरण को सुनिश्चित करने के लिए यह कदम चरणबद्ध तरीके से तीन साल में लागू किया जाएगा।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article