पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के बेहद करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। बंगाल पुलिस की एक विशेष टीम (SIT) ने उत्तर प्रदेश में दबिश देकर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। चन्द्रनाथ रथ हत्याकांड में शामिल तीनो अपराधियों को बंगाल में अदालत में पेश किया जहां जहां उन्हें 13 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया।
साजिश का पर्दाफाश होने की उम्मीद
इन तीनों से फिलहाल पूछताछ की जा रही है, जिससे इस हत्याकांड की पूरी साजिश का पर्दाफाश होने की उम्मीद है। इसमें एक संदिग्ध का नाम राज सिंह है, जो बलिया का निवासी बताया जा रहा है, ये बक्सर में रह रहा था। वारदात के बाद वह अयोध्या में छुपा हुआ था। कोलकाता पुलिस और अयोध्या पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में राज सिंह को पकड़ा गया और बाद में उसे कोलकाता ले जाया गया। राज के अलावा आरोपी मयंक मिश्रा और विक्की मौर्या को भी पुलिस बारासात कोर्ट लेकर पहुंची थी।
UPI पेमेंट बना सुराग
इस पेशेवर हत्या की जांच में पुलिस के हाथ सबसे महत्वपूर्ण सुराग 'UPI पेमेंट' के जरिए लगा है। जांच में खुलासा हुआ है कि हत्या को अंजाम देने के लिए इस्तेमाल की गई कार जब हावड़ा के बाली टोल प्लाजा से गुजरी, तो वहां मौजूद संदिग्धों ने नकद या फास्टैग के बजाय UPI के माध्यम से टोल का भुगतान किया था। इस एक डिजिटल फुटप्रिंट ने पुलिस को हत्यारों के मोबाइल नंबर और उनके बैंक विवरण तक पहुंचा दिया, जो अंततः उन्हें उत्तर प्रदेश और झारखंड के ठिकानों तक ले गया।
CCTV में कैद हुई सिल्वर कार
हावड़ा के बाली टोल प्लाजा पर लगे CCTV फुटेज की जांच में हत्या से कुछ घंटे पहले एक सिल्वर कलर की हैचबैक कार (निसान माइक्रा) गुजरती हुई दिखाई दी थी। इस कार में तीन संदिग्ध सवार थे, जिनकी पहचान अब तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है। यही वह कार है जिसका इस्तेमाल मध्यग्राम में चंद्रनाथ रथ की स्कॉर्पियो को रोकने के लिए किया गया था। पुलिस ने हत्याकांड में इस्तेमाल की गई सिल्वर कार को दोहरिया इलाके से बरामद कर लिया है। कातिलों ने वारदात के बाद इस कार को वहीं छोड़ दिया था और दूसरी गाड़ी या बाइक से फरार हो गए थे। इसके साथ ही, पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है। जांच में पाया गया कि इन वाहनों पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी और उनके चेसिस नंबर भी मिटाने की कोशिश की गई थी ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।
साजिश के तार कई राज्यों से जुड़े
जांच में यह भी सामने आया है कि इस हत्याकांड को किसी पेशेवर 'शूटर' गैंग ने अंजाम दिया है। शूटरों को संभवतः उत्तर प्रदेश या बिहार से बुलाया गया था। पुलिस को संदेह है कि इस पूरी साजिश की निगरानी एक व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से की जा रही थी, जिसमें स्थानीय अपराधियों के साथ-साथ बाहरी शार्पशूटर भी जुड़े हुए थे।
6 मई को हुई थी वारदात
गौरतलब है कि 6 मई 2026 की रात को मध्यग्राम में चंद्रनाथ रथ की उनके घर के पास ही गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमलावरों ने महज 50 सेकंड के भीतर अंधाधुंध फायरिंग की थी। चंद्रनाथ रथ भारतीय वायु सेना के पूर्व कर्मचारी थे और वर्तमान में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) के रूप में कार्यरत थे।
