चण्डीगढ़

Tarn Taran Bypoll Result: तरन तारन में AAP की धमाकेदार जीत, हरमीत संधू ने 12 हजार वोटों से मारी बाजी

पंजाब की तरन तारन विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) ने बड़ी जीत हासिल की। पार्टी उम्मीदवार हरमीत सिंह संधू ने शिरोमणि अकाली दल की प्रत्याशी सुखविंदर कौर रंधावा को 12,091 वोटों से शिकस्त दी। निर्दलीय उम्मीदवार मनदीप सिंह तीसरे, कांग्रेस के करणबीर सिंह चौथे और BJP पांचवें स्थान पर रही।

Image

सांकेतिक फोटो (PTI)

Photo : PTI

Tarn Taran Bypoll Result 2025: सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) ने पंजाब की तरन तारन विधानसभा सीट पर शुक्रवार को अपना कब्जा बरकरार रखा। AAP उम्मीदवार हरमीत सिंह संधू ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं शिरोमणि अकाली दल (शिअद) की उम्मीदवार सुखविंदर कौर रंधावा को 12,091 वोटों के अंतर से हराया। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के अनुसार, सभी 16 दौर की मतगणना पूरी होने के बाद हरमीत सिंह संधू को 42,649 वोट मिले, जबकि रंधावा को 30,558 वोट मिले। इस जीत के बाद तरन तारन एवं चंडीगढ़ स्थित ‘आप’ कार्यालयों में जश्न मनाया गया और पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल की थाप पर नाचकर एवं पटाखे जलाकर खुशी जाहिर की।

कांग्रेस और बीजेपी को कितने वोट मिले

शिरोमणि अकाली दल की रंधावा मतगणना के पहले तीन दौर में आगे थीं, लेकिन इसके बाद संधू ने बढ़त बना ली और लगातार बढ़त बनाए रखी। निर्दलीय उम्मीदवार मनदीप सिंह 19,620 वोट के साथ तीसरे स्थान पर रहे, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार करणबीर सिंह बुर्ज 15,078 वोट के साथ चौथे स्थान पर रहे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के हरजीत सिंह संधू 6,239 मतों के साथ पांचवें स्थान पर रहे। चुनावी मैदान में कुल 15 उम्मीदवार थे।

11 नवंबर को हुए थे मतदान

तरन तारन उपचुनाव के लिए मतगणना शुक्रवार सुबह आठ बजे शुरू हुई। मतदान मंगलवार को हुआ था जिसमें 60.95 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। तरन तारन विधानसभा सीट ‘आप’ विधायक कश्मीर सिंह सोहल के जून में निधन के बाद खाली हो गई थी। पिद्दी स्थित ‘इंटरनेशनल कॉलेज ऑफ नर्सिंग’ में बनाए गए मतगणना केंद्र पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article