पंजाब के इतिहास का सबसे बड़ा सड़क निर्माण प्रोजेक्ट (फाइल फोटो | PTI)
Chandigarh News: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को पंजाब के इतिहास की सबसे बड़ी सड़क निर्माण परियोजना का ऐलान किया। उन्होंने बताया कि सरकार 44,920 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण 16,209 करोड़ रुपये की लागत से करेगी। इस प्रोजेक्ट को अगले साल के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
सीएम मान ने कहा कि नई सड़कों के निर्माण में पांच साल की मेंटेनेंस क्लॉज शामिल की गई है, ताकि सड़कें लंबे समय तक सुरक्षित और मजबूत बनी रहें। सड़कें विश्वस्तरीय सुरक्षा सुविधाओं, जैसे ल्यूमिनस लेन मार्किंग, एज मार्किंग, बेहतर साइन बोर्ड आदि से लैस होंगी। सरकार का यह कदम ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करेगा और राज्य के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार पहले ही 19,373 किमी ग्रामीण लिंक सड़कों के निर्माण पर 4,092 करोड़ रुपये खर्च कर रही है। इस बीच आई बाढ़ ने कई इलाकों में सड़कों को नुकसान पहुंचाया, जिससे कनेक्टिविटी प्रभावित हुई। इसलिए सरकार ने बड़े पैमाने पर सड़क निर्माण की जरूरत महसूस की। उन्होंने कहा कि लोगों की मांग है कि पूरे पंजाब में शहरों और गांवों में एक जैसी गुणवत्तापूर्ण सड़कें बनाई जाएं। सरकार इसी दिशा में काम कर रही है।
सीएम मान ने बताया कि मुख्यमंत्री फ्लाइंग स्क्वाड लगातार सड़क निर्माण गुणवत्ता की जांच कर रहा है। घटिया निर्माण सामग्री की शिकायत मिलने पर कई ठेकेदारों के कॉन्ट्रैक्ट रद्द किए जा चुके हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसी ठेकेदार या कर्मचारी खराब गुणवत्ता का काम करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने अब तक पंजाब को रूरल डेवलपमेंट फंड (RDF) में एक भी रुपया नहीं दिया है। यहां तक कि 1,600 करोड़ रुपये के विशेष बाढ़ राहत पैकेज में से भी पंजाब को कुछ नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि पंजाब भाजपा नेतृत्व इस मुद्दे पर झूठ फैला रहा है।