चण्डीगढ़

जापान दौरे पर CM भगवंत मान ने ओसाका में किया बिजनेस रोड शो, पंजाब में निवेशकों को दिया इन्वेस्टमेंट का न्योता

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने निवेशकों को 13 से 15 मार्च 2026 को इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस, मोहाली में होने वाले प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर समिट 2026 में भाग लेने का न्योता भी दिया ताकि निवेश को प्रोत्साहित किया जा सके। भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह सम्मेलन पंजाब की प्रगति को प्रदर्शित करेगा, अग्रणी औद्योगिक खिलाड़ियों को एक मजबूत मंच प्रदान करेगा और साझेदारी एवं सहयोग के नए अवसर प्रस्तुत करेगा।

Bhagwant Man business road show

जापान दौरे पर पंजाब के सीएम भगवंत मान की बैठक

चंडीगढ़ : जापान दौरे के चौथे दिन शुक्रवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के ओसाका में आयोजित रोड शो को भारी प्रोत्साहन मिला। प्रमुख जापानी कंपनियों ने रोड शो में भाग लिया और प्रदेश में निवेश करने में गहरी दिलचस्पी दिखाई। इस दौरान सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन बड़ी औद्योगिक कंपनियों की साझेदारी भारत-जापान आर्थिक संबंधों को मजबूत करने के लिए मजबूत समर्थन को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि यह पंजाब की प्रगतिशील औद्योगिक नीतियों, एकीकृत सिंगल-विंडो प्रणाली और निवेश के लिए तैयार अवसरों में वैश्विक निवेशकों की बढ़ती रुचि को भी प्रदर्शित करता है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य हमारे युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करना और निवेशकों के लिए एक स्थिर तथा विश्वसनीय वातावरण तैयार करना है।

पंजाब में निवेश की बढ़ी संभावनाएं

पंजाब के जापानी उद्योग से संबंधों को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ये संबंध पहले से ही बहुत मजबूत हैं और निरंतर बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जापान की कई प्रसिद्ध कंपनियों ने पंजाब में निवेश का भरोसा जताया है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि प्रदेश सरकार के निवेश-अनुकूल प्रयासों के कारण पंजाब दुनिया भर में निवेश के लिए सबसे पसंदीदा गंतव्य के रूप में उभरा है। उन्होंने पंजाब की रणनीतिक स्थिति, प्रमुख बंदरगाहों से निर्बाध कनेक्टिविटी, मजबूत औद्योगिक क्लस्टर, निर्बाध बिजली आपूर्ति, कुशल कार्यबल और प्रगतिशील नीतिगत माहौल की ओर इशारा किया।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के शासन और नियामक सुधारों का भी जिक्र किया, जिनमें फास्टट्रैक पंजाब सिंगल-विंडो सिस्टम शामिल है, जो 173 से अधिक जी2बी सेवाएं, ऑटो-डीम्ड मंजूरियां, पैन-आधारित व्यवसाय पहचानकर्ता और पंजाब राइट-टू-बिजनेस एक्ट में संशोधन प्रदान करता है, जो समयबद्ध सैद्धांतिक मंजूरियों को सक्षम बनाता है। उन्होंने पंजाब के औद्योगिक बुनियादी ढांचे पर भी प्रकाश डाला और बताया कि इन्वेस्ट पंजाब के माध्यम से 1.4 लाख करोड़ रुपए से अधिक के ग्राउंडेड निवेश पहले ही सुरक्षित किए जा चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब का दृष्टिकोण साझेदारी और उद्योगों के साथ मिलकर काम करने, उनकी जरूरतों को समझकर यह सुनिश्चित करने पर आधारित है कि सरकार विकास के उत्प्रेरक के रूप में कार्य करे। भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब ने अपने बुनियादी ढांचे को मजबूत किया है, अपनी औद्योगिक क्षमता का विस्तार किया है और निवेश के लिए नए रास्ते खोले हैं।

मुख्यमंत्री ने व्यापार, प्रौद्योगिकी और एसएमई सहयोग की संभावनाएं तलाशने के लिए ओसाका चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (ओसीसीआई) के साथ भी आधिकारिक बातचीत की। उन्होंने टोकुशिमा ऑक्शन मार्केट और ग्लोबल वेंचर कंपनी लिमिटेड के साथ एग्री-मार्केट आधुनिकीकरण और सप्लाई-चेन साझेदारी पर बैठक की। भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह जानकर खुशी हुई कि ओसाका बिजनेस रोड शो और रिसेप्शन में वरिष्ठ जापानी गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति देखने को मिली, जिनमें जे.ई.टी.आर.ओ के डायरेक्टर जनरल, डिप्टी डायरेक्टर जनरल, वाणिज्य, उद्योग व श्रम विभाग, ओसाका प्रीफेक्चरल गवर्नमेंट व डायरेक्टर जनरल, अंतरराष्ट्रीय मामले विभाग, एम.ई.टी.आई कंसाई और शामिल थे।

मुख्यमंत्री ने निवेशकों को 13 से 15 मार्च 2026 को इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस, मोहाली में होने वाले प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर समिट 2026 में भाग लेने का न्योता भी दिया ताकि निवेश को प्रोत्साहित किया जा सके। भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह सम्मेलन पंजाब की प्रगति को प्रदर्शित करेगा, अग्रणी औद्योगिक खिलाड़ियों को एक मजबूत मंच प्रदान करेगा और साझेदारी एवं सहयोग के नए अवसर प्रस्तुत करेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि जापानी निवेशक इस सम्मेलन में बड़ी संख्या में शामिल होंगे और प्रदेश के औद्योगिक विकास को और गति देंगे।

Pushpendra Kumar
Pushpendra Kumar author

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ... और देखें

End of Article