हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद कस्बे में शुक्रवार रात शराब ठेकेदार शांतनु की हत्या कर दी गई थी। शांतनु की हत्या की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है। लॉरेंस गैंग ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए हत्या की जिम्मेदारी ली। बता दें कि हत्या की वारदात को रात 8:05 मिनट पर दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-44 पर मारकंडा पुल के पास स्थित मीना मार्केट के पास अंजाम दिया गया था। मिली जानकारी के अनुसार, बाइक पर सवार होकर आए बदमाशों ने शांतनु पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे उसकी मौत हो गई।
शांतनु हत्या कांड की लॉरेंस गैंग ने जिम्मेदारी
सोशल मीडिया पर नोनी राणा ने शांतनु हत्या का जिक्र करते हुए जिम्मेदारी ली। पोस्ट में लिखा था "जय बजरंग बली राम राम सभी भाइयों को… मैं नोनी राणा। जो शांतनु ठेकेदार का शाहाबाद (कुरुक्षेत्र) में मर्डर हुआ है इसकी जिम्मेदारी लेता हूं, जो हमारे खिलाफ चल रहा था। जो और कोई भी हमारे खिलाफ चलेगा, उसका यही अंजाम होगा और हां अब किसी को भी फोन करके सूचित नहीं किया जाएगा और सीधा मौत दी जाएगी।"
सिगरेट लेने के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग में गई ठेकेदार शांतनु की जान
मिली जानकारी के अनुसार, बाइक पर सवार होकर आए बदमाशों ने शांतनु पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि शांतनु ने मीना मार्केट में स्थित एक दुकान के पास सिगरेट लेने के लिए कार रोकी थी। तभी बाइक पर सवार होकर कुछ बदमाश आए और शांतनु पर 8 राउंड की फायरिंग कर दी। गोली की आवाज सुनते ही हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस घटना में शांतनु को 7 गोली लगी थी। जिसके बाद उसे अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने शांतनु को मृत घोषित किया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर एसपी समेत पुलिस की एक टीम पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई। इस बीच लॉरेंस गैंग ने हत्या की जिम्मेदारी ली।
