Punjab CM in South Korea: 'अपने देश के ब्रांड एम्बेसडर बनें, निवेशकों को पंजाब लाएं'; सीएम मान ने पंजाबी प्रवासियों से की अपील
- Edited by: शिव शुक्ला
- Updated Dec 7, 2025, 10:17 PM IST
सियोल में आयोजित संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में निवेशकों के लिए उद्योग-हितैषी माहौल तैयार किया गया है और अब प्रदेश के लिए बेहतर अवसर लाने की जिम्मेदारी विदेशों में बसे पंजाबियों की भी है।
सियोल दौरे पर सीएम मान। फोटो- @BhagwantMann
जापान दौरे के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान दक्षिण कोरिया पहुंचे हैं। यहां उन्होंने सियोल में बसे प्रवासी पंजाबियों से अपील की कि वे अपने राज्य के ब्रांड एम्बेसडर बनकर कोरियन कंपनियों को पंजाब में निवेश के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि पंजाब आज दुनिया के उभरते हुए निवेश स्थलों में शामिल है और इस छवि को मजबूत करने में प्रवासी समुदाय महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
प्रवासी पंजाबियों की भूमिका पर जोर
सियोल में आयोजित संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में निवेशकों के लिए उद्योग-हितैषी माहौल तैयार किया गया है और अब प्रदेश के लिए बेहतर अवसर लाने की जिम्मेदारी विदेशों में बसे पंजाबियों की भी है। उन्होंने कहा कि पंजाबी दुनिया में जहां भी गए, मेहनत और उद्यमशीलता के दम पर पहचान बनाई है, अब वही ऊर्जा अपने प्रदेश को औद्योगिक विकास की ओर ले जाने में उपयोग की जानी चाहिए।
मान ने कहा कि कोरियन कंपनियां यदि पंजाब में निवेश करती हैं, तो युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार तैयार होंगे और राज्य का औद्योगिक विस्तार और मजबूत होगा। मुख्यमंत्री ने प्रवासी समुदाय के सांस्कृतिक योगदान और लोगों व कारोबार को जोड़ने के उनके प्रयासों की सराहना भी की।
निवेश-हितैषी सुधारों का जिक्र
वहां पंजाबी प्रवासियों से बात करते हुए मुख्यमंत्री मान ने अपनी सरकार द्वारा किए जा रहे शासन सुधारों का भी उल्लेख किया। जिनमें फास्टट्रैक पंजाब सिंगल-विंडो सिस्टम, 173 सेवाओं की ऑटो-डीम्ड मंजूरी, पैन-आधारित कारोबारी पहचान और पंजाब कारोबार अधिकार अधिनियम में संशोधन शामिल हैं, जो समयबद्ध सैद्धांतिक मंजूरियां सुनिश्चित करते हैं। उन्होंने पंजाब के औद्योगिक आधारभूत ढांचे पर भी प्रकाश डाला और बताया कि 1.4 लाख करोड़ रुपए से अधिक का निवेश पहले ही इन्वेस्ट पंजाब के माध्यम से सुनिश्चित किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की सोच साझेदारी और उद्योगों के साथ मिलकर काम करने पर आधारित है ताकि उद्योगों की जरूरतों को समझते हुए सरकार विकास की दिशा में सकारात्मक उत्प्रेरक की भूमिका निभा सके। भगवंत सिंह मान ने कहा किपंजाब ने अपना आधारभूत ढांचा मजबूत किया है, औद्योगिक क्षमता बढ़ाई है और निवेश के नए मार्ग खोले हैं।
सोमवार को प्रतिनिधिमंडल डेवू ई एंड सी, जीएस ई एंड सी और नोंगशिम जैसी प्रमुख कंपनियों से मुलाकात करेगा। इसके बाद ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ पर गोलमेज बैठक तथा पेंग्यो टेक्नो वैली का दौरा होगा। दिन का समापन कोरिया डिफेंस इंडस्ट्री एसोसिएशन के साथ सहयोगात्मक वार्ता से होगा, जिसमें रक्षा और एयरोस्पेस उद्योगों में संयुक्त अवसरों पर चर्चा की जाएगी।