चण्डीगढ़

Chandigarh: चंडीगढ़ का मुख्‍य ड्रग स्‍मगलर गिरफ्तार, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने यहां से दबोचा

  • Produced by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 6, 2022, 08:32 PM IST

Chandigarh: चंडीगढ़ एएनटीएफ ने ट्राइसिटी के सबसे बड़े ड्रग्‍स सप्‍लाई रैकेट का खुलासा कर इसके मुख्‍य सप्‍लायर को दबोचा है। यह आरोपी अपने एजेंटों के माध्‍यम से चंडीगढ़ समेत कई राज्‍यों में चरस की सप्‍लाई करता था। इस आरोपी के पास से पुलिस ने पांच किलो चरस भी बरामद किया है। यह आरोपी कुल्‍लू के जंगलो में चरस की खेती करता था।

Image

चंडीगढ़ का मुख्‍य ड्रग्‍स सप्‍लायर पकड़ा गया (प्रतीकात्मक तस्वीर)

KEY HIGHLIGHTS
  • आरोपी चंडीगढ़ समेत कई राज्‍यों में करता था चरस सप्‍लाई
  • एएनटीएफ की टीम ने इस आरोपी को कुल्‍लू से दबोचा
  • एएनटीएफ को आरोपी के पास से मिले पांच किलो चरस

Chandigarh: चंडीगढ़ पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) को बड़ी सफलता मिली है। एएनटीएफ की टीम ने चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली के सबसे बड़े ड्रग सप्लायर कहे जाने वाले खड़क बहादुर को गिरफ्तार कर लिया है। एएनटीएफ टीम इस आरोपी तक हाल ही में गिरफ्तार किए गए तनुज गर्ग से पूछताछ के आधार पर पहुंची। तनुज को पंजाब यूनिवर्सिटी और शहर के दूसरे कॉलेजों में ड्रग सप्लाई करने के आरोप में पकड़ा गया था। इस आरोपी ने ही एएनटीएफ टीम को खड़क बहादुर के बारे में पुख्‍ता जानकारी दी।

एएनटीएफ इंस्पेक्टर सतविंदर सिंह ने बताया कि, 63 वर्षीय आरोपी खड़क बहादुर मूलरूप से नेपाल का रहने वाला है। इसने मौजूदा समय में हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के मनीकरण इलाके में अपना ठिकाना बना रखा है। पुलिस ने इस आरोपी को यहीं एक गांव नखटां से दबोचा। पुलिस ने इसके पास से पांच किलो चरस भी बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

आरोपी कुल्‍लू के जंगल में करता था चरस की खेती

इंस्पेक्टर सतविंदर सिंह ने बताया कि, आरोपी खड़क बहादुर कुल्लू के जंगली इलाके में चरस की खेती करता था। जब चरस की फसल तैयार हो जाती तो यह आरोपी नेपाल से अपने जानकारों को बुलाकर चरस की कटाई करवा देता था। इसके बाद पूरे साल यह अपने एजेंटों के सहयोग से चंडीगढ़, पंजाब, हिमाचल और हरियाणा तक में चरस बेचता था। पुलिस के अनुसार, इन सभी जगहों पर चरस का मुख्‍य सप्‍लायर यही आरोपी था। आरोपी के निशाने पर हिमाचल घुमने आने वाले युवा भी होते थे। आरोपी को कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया जाएगा। पुलिस अब इस आरोपी से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि, ट्राइसिटी में इसके कितने एजेंट है और यह कहां-कहां चरस की सप्लाई करता था। पुलिस के अनुसार, इस आरोपी से अब पूरी सप्‍लाई चेन का पता चलेगा। बता दें कि, इससे पहले तीन दिसंबर को एएनटीएफ टीम ने आरोपी तनुज की गिरफ्तारी की थी। उसके कब्जे से पुलिस को 110 ग्राम चरस बरामद हुई थी। सेक्टर-49 थाने पुलिस ने आरोपी को तीन दिन की रिमांड पर लेकर जब सख्‍ती से पूछताछ की तो खड़क बहादूर के बारे में पता चला, जिसके बाद टीम ने कुल्लू में रेड कर इस आरोपी को दबोचा।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article