Chandigarh Crime: नशा सर्वनाश का कारण माना जाता है। नशे की गिरफ्त में आकर व्यक्ति को सही गलत का पता नहीं चल पाता है। ऐसा ही एक मामला चंडीगढ़ में सामने आया है। यहां शराब पीकर काम पर पहुंचे एक प्लंबर को जब उसके ठेकेदार ने टोका तो उसने गुस्से में आकर ठेकेदार पर हमला बोल दिया और उसकी दोनों टांग तोड़ डाली। यह पूरा मामला चंडीगढ़ के सलामपुर गांव का है। पुलिस ने पीड़ित ठेकेदार नाजर सिंह की शिकायत पर उसकी कंपनी के कर्मचारी के खिलाफ आईपीसी की धारा 325, 506 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। घटना को अंजाम देने के बाद से आरोपी फरार है।
चंडीगढ़ पुलिस ने आरोपित की पहचान कुराली के कालेवाल गांव निवासी गुरदीप सिंह उर्फ मनी के तौर पर की है। पीड़ित नाजर सिंह ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि, वह पंजाब के जिला संगरूर के मकौड़ साहिब गांव का रहने वाला है। उसकी कंपनी गांव सलामपुर में स्थित एक सोसायटी में कंस्ट्रशन का काम कर रही थी। उसकी कंपनी में गुरदीप सिंह प्लंबर का काम करता है। नाजर सिंह ने बताया कि, वह शराब पीकर काम पर आया तो मैंने उसे टोक दिया। जिस वजह से दोनों के बीच बहसबाजी भी हो गई। गाली गलौज के बाद वह वहां से चला गया और वह भी अपने कमरे में आकर लेट गए।
कमरे में घुस कर लोहे की रॉड से बोला हमला
शिकायतकर्ता ने बताया कि, थोड़ी देर बाद गुरदीप लोहे की रॉड लेकर उसके कमरे में पहुंचा और जब तक वह कुछ समझ पाते उसकी टांगों पर रॉड से हमला बोल दिया। जिससे वह जमीन पर गिर गए। इसके बाद गुरदीप लगातार उसकी दोनों टांगो पर रॉड से तब तक वार करता रहा, जब तक उसकी दोनों टांगे टूट नहीं गई। शोर सुनकर जब वहां पर दूसरे कर्मचारी पहुंचे तो गुरदीप वहां से फरार हो गया। इसके बाद उसे सेक्टर-16 स्थित सरकारी अस्पताल में लाया गया। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस जांच अधिकारी गुरनाम सिंह ने बताया कि, आरोपित अभी फरार है, उसे जल्द ही गिरफ्तार करने के लिए कार्रवाई की जा रही है।
