चण्डीगढ़

Chandigarh: चंडीगढ़ में सातों दिन 24 घंटे वॉटर सप्‍लाई का रास्‍ता साफ, निगम और एएफडी के बीच बड़ा समझौता

  • Reported by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 16, 2022, 08:03 PM IST

Chandigarh: चंडीगढ़ में 24 घंटे पेयजल सप्‍लाई के लिए शुक्रवार को नगर निगम और एजेंसी फ्रांस द डेवलपमेंट के बीच समझौता हो गया। इस प्रोजेक्‍ट के तहत चंडीगढ़ में वर्ष 2028 तक 24 घंटे पेयजल सप्‍लाई शुरू कर दी जाएगी। साथ ही चंडीगढ़ में तेजी से घट रहे भूजल को बचाने का भी कार्य किया जाएगा।

Image

समझौते पर हस्‍ताक्षर करते निगम और एएफडी के अधिकारी

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • एजेंसी फ्रांस द डेवलपमेंट और नगर निगम के बीच हुआ समझौता
  • वर्ष 2028 तक शहर में शुरू हो जाएगी सातों दिन 24 घंटे वॉटर सप्‍लाई
  • प्रोजेक्‍ट के लिए एएफडी ने दी 412 करोड़ रुपये लोन की मंजूरी

Chandigarh: चंडीगढ़ की सबसे बड़ी और महत्वपूर्ण परियोजना सातों दिन 24 घंटे पेयजलापूर्ति प्रोजेक्‍ट पर नगर निगम और एजेंसी फ्रांस द डेवलपमेंट (एएफडी) के बीच समझौता हो गया। शुक्रवार को दोनों तरफ से इस समझाौते पर हस्‍ताक्षर किया गया। स्मार्ट सिटी परियोजना की मुख्य कार्यकारी अधिकारी आनिंदिता मित्रा ने बताया कि, इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य चंडीगढ़ को 24 घंटे पीने का पानी सप्‍लाई करने के अलावा तेजी से घट रहे चंडीगढ़ के भूजल को बचाना है। इस समझौते के अनुसार, शहरवासियों को वर्ष 2028 तक 24 घंटे लगातार पीने के पानी की सुविधा मिलने लगेगी।

बता दें कि, आज से 7 वर्ष पहले इस प्रोजेक्ट की घोषणा की गई थी और इस साल 14 सितंबर को क्रेडिट फैसिलिटी एग्रीमेंट को लेकर केंद्र के इकोनॉमिक अफेयर्स विभाग और फ्रेंच एजेंसी के बीच सहमति बनी थी। शहरवासियों को लंबे समय से इस प्रोजेक्ट के शुरू होने का इंतजार था। समझौता होने के बाद अब जनवरी माह से निर्माण कार्य का टेंडर जारी करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगा। जिस भी एजेंसी को यह प्रोजेक्ट मिलेगा, उसे इस काम को पांच वर्षों में पूरा करना होगा। क्‍योंकि नगर निगम की तरफ से वर्ष 2028 तक शहर को 24 घंटे पानी सप्‍लाई का लक्ष्‍य रखा गया है।

प्रोजेक्‍ट के लिए 412 करोड़ की मंजूरी और 100 करोड़ की ग्रांट

नगर निगम का यह पूरा प्रोजेक्‍ट 512 करोड़ रुपये का है। एएफडी ने इस प्रोजेक्‍ट के लिए 412 करोड़ रुपये लोन के रूप में मंजूरी किए हैं। नगर निगम को यह लोन 15 सालों में लौटाना होगा। इस प्रोजेक्‍ट के लिए यूरोपियन यूनियन भी 100 करोड़ रुपये की ग्रांट दे रहा है। चंडीगढ़ प्रशासन ने एएफडी के साथ वर्ष 2016 में एक मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (मोओयू) साइन किए थे। इस समझौते के तहत एएफडी चंडीगढ़ में 24 घंटे पानी की सप्लाई, वेस्ट मैनेजमेंट, सेनिटेशन और अन्य सेक्टर पर सहयोग के लिए सहमत हुआ था।

बदली जाएगी 269 किमी पाइप लाइन

बता दें कि योजना के अनुसार नगर निगम शहरवासियों को 24 घंटे पीने का पानी अपने मौजूदा स्रोतों से ही मुहैया करवाएगा। इसके लिए शहर के सभी ट्यूबवेल का प्रयोग किया जाएगा। प्रोजेक्‍ट के तहत शहर की करीब 269 किमी की पाइप लाइन को पूरी तरह से बदला जाएगा। साथ ही लोगों के घरों में पानी के स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। इसकी मदद से उपभोक्ता अपने इस्तेमाल होने वाले पानी की मॉनिटरिंग कर सकेंगे। जिससे पानी की बर्बादी रूकेगी।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल author

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच ए... और देखें

End of Article