Chandigarh: धन की देवी मां लक्ष्मी कब, कहां और किस पर मेहरबान हो जाए कह नहीं सकते। किस्मत का ताला खुलने का एक ऐसा ही मामला चंडीगढ़ के डेराबस्सी से सामने आया है। यहां के मुबारकपुर त्रिवेदी कैंप में रहने वाले द्वारकादास ने पंजाब डियर लोहड़ी बंपर लॉटरी का पहला पुरस्कार यानी पांच करोड़ का इनाम जीता है। इस लॉटरी टिकट ने पल भर में ही द्वारकादास को करोड़पति बना दिया। लॉटरी लगने के बाद से इस परिवार में खुशी का ठिकाना नहीं है। लॉटरी विजेताओं की घोषणा होने के बाद से ही द्वारकादास के घर में बधाई देने वालों का तांता लगा है। आस पड़ोस व रिश्तेदारों ने ढोल-नंगाड़े के साथ घर में भंगड़े डालने शुरू कर दिया है।
पंजाब लॉटरी के निदेशक करम सिंह ने इस लॉटरी विजेताओं की घोषणा की। उन्होंने बताया की पंजाब राज्य लोहड़ी मकर संक्रांति बम्पर लॉटरी 2023 के सभी परिणामों की घोषणा कर दी गई है। इसमें द्वारका दास ने 5 करोड़ रुपये का पहला पुरस्कार जीता है। लॉटरी देने के लिए निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है, जिसके बाद 30 प्रतिशत टैक्स काटकर यह राशि महंत परिवार को दे दी जाएगी। वहीं, द्वारका दास ने लॉटरी जीतने की खुशी जाहिर करते हुए कहा कि जब उनके लॉटरी एजेंट ने उन्हें लॉटरी में पांच करोड़ रुपये का पहला इनाम जीतने की जानकारी दे तो एक बार तो उन्हें विश्वास ही नहीं हुआ। उन्हें लगा कि वे सपना देख रहे हैं। इसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी अपने परिवार के सदस्यों को दी। बता दें कि, द्वारकादास डेरा जय सतगुरु बाबा लाल दयाल जी डेरे के महंत हैं।
