Panchkula News: पंचकूला के अमरावती मॉल के बाहर ताबड़तोड़ गोलियां चलने और हत्या के मामले में सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इस फुटेज में एक सफेद रंग की कार में बैठकर आए हमलावरों को देखा जा सकता है। गाड़ी से उतरते ही दो युवकों ने सोनू नौलटा और प्रिंस राणा नाम के दो युवकों पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं।
वीडियो में साफ दिखाई देता है कि गोलीबारी के बाद हमलावर वहां से अपनी गाड़ी में फरार हो गए। गोली लगने के बाद घायल सोनू नौलटा ने अपनी काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी बैक गियर में चलाई, जो वहां बने एक घर के गेट से टकरा गई। युवतियां, जो सोनू और प्रिंस के साथ फिल्म देखने आई थीं, ने घायल अवस्था में सोनू नौलटा को बाहर निकाला।
इस हमले में सोनू नौलटा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रिंस राणा के पैर में गोली लगने के कारण उसकी हालत गंभीर हो गई और उसे चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया गया, जहां उसकी स्थिति स्थिर बनी हुई है। यह वारदात वीरवार देर रात करीब 11 बजे हुई थी, और अब इसका सीसीटीवी वीडियो सामने आया है।
