चण्डीगढ़

Fazilka Murder: दुकान में घुसकर मालिक को मारी गोली, पंजाब के अबोहर में व्यापारी की दिनदहाड़े हत्या

पंजाब के फजिल्का जिले के अबोहर शहर में नामी व्यापारी संजय वर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक बदमाश बाइक से आए थे और फायरिंग के बाद फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है।

Image

अबोहर शहर की वारदात

Photo : Times Now Digital

Fazilka News: पंजाब के अबोहर शहर में उस वक्त सनसनी फैल गई जब नामी रेडीमेड कपड़ों की दुकान 'द न्यू वेयर वेल टेलर्स' के मालिक संजय वर्मा की सोमवार को दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, तीन हमलावर बाइक पर आए और उन्होंने संजय पर दुकान के बाहर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

हमला कर फरार हो गए बदमाश

द न्यू वेयर वेल टेलर्स दुकान संजय और उनके भाई जगत वर्मा मिलकर चलाते थे। चश्मदीदों के मुताबिक, संजय जैसे ही अपनी कार दुकान के सामने पार्क करने लगे, तीनों हमलावरों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी और फिर बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। घटना के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

लोगों में दिखा आक्रोश

हत्या की खबर फैलते ही शहर के व्यापारी वर्ग में भारी आक्रोश देखने को मिला। अस्पताल के बाहर बड़ी संख्या में व्यापारी इकट्ठा हो गए और प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। व्यापारियों की मांग है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए।

शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर इस हत्या की कड़ी निंदा करते हुए इसे पंजाब में बदतर होती कानून व्यवस्था का प्रतीक बताया।

पुलिस ने शुरू कर दी है जांच

पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है। अभी तक हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन शुरुआती जांच में व्यक्तिगत रंजिश या रंगदारी से इनकार नहीं किया जा रहा है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article