चण्डीगढ़

हरियाणा दिवस पर बोले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी- राज्य का संतुलित विकास ही हमारा लक्ष्य

हरियाणा दिवस के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रेस वार्ता की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि छह दशकों की श्रम, साधना और सफलताओं की गाथा का प्रतीक है।

Image

हरियाणा दिवस के उपलक्ष में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की प्रेस वार्ता

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 60वें हरियाणा दिवस के अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 1 नवंबर 1966 को हरियाणा एक अलग राज्य के रूप में स्थापित हुआ था और तब से लेकर आज तक प्रदेश ने मेहनत, नवाचार और जनसेवा की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि छह दशकों की श्रम, साधना और सफलताओं की गाथा का प्रतीक है। इस अवसर पर राज्य में तीन दिवसीय सांस्कृतिक उत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें हरियाणा की लोक संस्कृति, कला और परंपराओं का प्रदर्शन होगा।

मुख्यमंत्री ने महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के 109वें जन्मदिवस के अवसर पर “दीनदयाल लाडो लक्ष्मी ऐप” का शुभारंभ किया गया था। अब तक 6 लाख 97 हजार 697 महिलाओं ने इस योजना के लिए आवेदन किया है, जिनमें से 5 लाख 22 हजार 162 महिलाएं पात्र पाई गई हैं। मुख्यमंत्री ने प्रेस वार्ता के दौरान बटन दबाकर इन पात्र महिलाओं के खातों में 2,100 रुपये की आर्थिक सहायता राशि हस्तांतरित की। उन्होंने बताया कि यह योजना पूरी तरह ऑनलाइन और पारदर्शी है। इसका लाभ 23 वर्ष या उससे अधिक आयु की उन महिलाओं को मिलेगा, जिनके परिवार की वार्षिक आय एक लाख रुपये से कम है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश में पेपरलेस रजिस्ट्री की शुरुआत की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि अब हरियाणा में रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी तरह पेपरलेस हो गई है। 29 सितंबर से 31 अक्टूबर 2025 तक 917 पेपरलेस रजिस्ट्री पूरी की जा चुकी हैं। इस पहल से दशकों से चली आ रही जटिल रजिस्ट्री प्रक्रिया से लोगों को मुक्ति मिलेगी और कार्य अधिक पारदर्शी ढंग से संपन्न होंगे।

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि हाल ही में उनकी सरकार ने जन सेवा के 11 वर्ष पूरे किए हैं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार हरियाणा को नवाचार, बुनियादी ढांचे और समावेशी विकास के मार्ग पर आगे ले जा रही है। अपने संकल्प पत्र के 217 वादों में से 47 वादों को एक वर्ष में पूरा किया गया है और 158 वादों पर काम प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि गरीबों को राहत देने के लिए “पीएम सूर्य घर मुक्त बिजली योजना” लागू की गई, जिसके तहत अब तक 37 हजार 825 सोलर सिस्टम लगाए जा चुके हैं। इसके अलावा “दयाल योजना” के तहत 8 हजार 299 पात्र परिवारों को लगभग 310 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि आज हरियाणा में 24 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर की जाती है। पिछले 11 फसल सीजन में 12 लाख किसानों के खातों में 1 लाख 61 हजार करोड़ रुपये सीधे स्थानांतरित किए गए हैं। युवाओं के लिए पारदर्शी भर्ती प्रणाली लागू करते हुए ग्रुप सी और डी की भर्तियों में इंटरव्यू समाप्त कर दिए गए हैं। अब तक 1 लाख 80 हजार युवाओं को सरकारी सेवा में शामिल किया गया है, जबकि हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से 1 लाख 20 हजार युवाओं को रोजगार सुरक्षा प्रदान की गई है।

महिलाओं के सशक्तिकरण पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 5 लाख महिलाओं को “लखपति दीदी” बनाने का लक्ष्य रखा गया है। आज हरियाणा में महिलाओं के नेतृत्व वाले स्टार्टअप्स की संख्या 50 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी राज्य तेजी से आगे बढ़ा है। प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 6 से बढ़कर 17 हो गई है, जबकि एमबीबीएस सीटें 700 से बढ़कर 2,385 हो गई हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले 11 वर्षों में हरियाणा में 12 लाख 20 हजार 872 सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों का पंजीकरण हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 अप्रैल 2025 को महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे के टर्मिनल 3 की आधारशिला रखी थी। हर जिले को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने के लिए 21 नए राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किए गए हैं, जिनमें से 13 का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।

प्रेस वार्ता के अंत में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा का संतुलित विकास ही उनकी सरकार का मुख्य लक्ष्य है। उन्होंने कहा, “हम नवाचार, पारदर्शिता और जनसहभागिता के माध्यम से एक सशक्त, आत्मनिर्भर और आधुनिक हरियाणा के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।”

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article