सुरेंद्र नगर : आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को दावा किया कि यदि एक दिन के लिए भी पुलिस हटा दी जाए तो गुजरात के किसान भाजपा नेताओं को उनके घरों से निकालकर दौड़ा-दौड़ाकर पीटेंगे। केजरीवाल सुरेंद्रनगर जिले के सुदामदा गांव में पार्टी सहयोगी और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की मौजूदगी में आयोजित ‘किसान महापंचायत’ को संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम का आयोजन पड़ोसी बोटाद जिले में ‘आप’ द्वारा आयोजित एक किसान सभा में हुई हिंसा के बाद गिरफ्तार किए गए लोगों के प्रति समर्थन व्यक्त करने के लिए किया गया था। केजरीवाल ने कहा कि गुजरात में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उल्टी गिनती शुरू हो गई है और वह अगले 50 वर्षों में दोबारा सत्ता में नहीं आ पाएगी। लोगों को जेल भेजने के अलावा भाजपा को और कुछ नहीं आता। गुजरात के लोगों ने 75 साल में इतनी क्रूर, अत्याचारी और अहंकारी सरकार कभी नहीं देखी। आज किसान बहुत गुस्से में हैं। ये भाजपा वाले बिल्कुल कायर हैं। वे पुलिस के पीछे छिपते हैं।
गुजरात में बीजेपी की उल्टा गिनती शुरू-केजरीवाल
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि आप सिर्फ एक दिन के लिए पुलिस सुरक्षा हटाते हैं, तो ये किसान भाजपा नेताओं को उनके घरों से बाहर निकालकर दौड़ा-दौड़ाकर पीटेंगे। किसान उन्हें इतनी बुरी तरह पीटेंगे कि उन्हें छिपने की कोई जगह नहीं मिलेगी। राजू करपड़ा और प्रवीण राम समेत लगभग 80 किसानों और ‘आप’ नेताओं को किसानों से संबंधित मुद्दे उठाने के कारण हत्या के प्रयास के आरोप में बोटाद पुलिस ने जेल भेज दिया। गत 12 अक्टूबर को बोटाद जिले में किसानों के लिए ‘आप’ द्वारा आयोजित 'किसान महापंचायत' में पुलिस पर पथराव हुआ, जिसके बाद पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े। हिंसा में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए।
सरदार वल्लभभाई पटेल को उनकी 150वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि इस दिग्गज नेता ने अंग्रेजों के खिलाफ इसी तरह के किसान आंदोलनों का नेतृत्व किया था, लेकिन उन्होंने कभी लाठीचार्ज नहीं किया और न ही किसानों को जेल भेजा। सरदार पटेल ने कभी सोचा भी नहीं होगा कि आजादी के बाद उनके अपने देश में इतनी भ्रष्ट, अत्याचारी और दमनकारी भाजपा सरकार सत्ता में आएगी। एक ऐसी सरकार जो अपने ही किसानों पर लाठीचार्ज करेगी, उन पर आंसू गैस के गोले छोड़ेगी, उनके खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज करेगी और उन्हें जेल भेज देगी।
किसान बीजेपी वालों को दौड़ा-दौड़ा कर मारेंगे- केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि गुजरात के सभी किसानों ने भाजपा को खूब वोट दिया और पिछले 30 साल से भाजपा की सरकार है। क्या गुजरात के किसानों ने अपने बच्चों को जेल भेजने के लिए भाजपा को वोट दिया था? आज भाजपा को सत्ता का अहंकार हो गया है। भाजपा के इस अहंकार के खिलाफ पूरे गुजरात के किसानों में भारी गुस्सा है। उन्होंने कहा कि भाजपा वाले बहुत कायर हैं। ये पुलिस को आगे करते हैं। भाजपा एक दिन पुलिस का सहारा छोड़ दे, गुजरात के किसान भाजपा वालों को उनके घर से निकाल कर दौड़ा-दौड़ा कर मारेंगे कि इन्हें कहीं शरण नहीं मिलेगी।
भाजपा में हिम्मत है तो ट्रम्प को धमकी देकर दिखाए- केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि गुजरात की 400 से अधिक मंडियों के किसान एकजुट हैं और सभी मंडियों में आंदोलन चल रहा है। भाजपा वाले इतने कायर हैं कि रोज इनको अमेरिका का राष्ट्रपति ट्रम्प धमकी देता है। ट्रम्प ने अमेरिकी कपास पर इंपोर्ट ड्यूटी खत्म करने के लिए कहा तो भाजपा वाले खत्म कर दिए। ट्रम्प ने रूस से कच्चे तेल खरीदने से मना किया तो भाजपा वालों ने तेल खरीदना बंद कर दिया। बार-बार ट्रम्प कह रहे हैं कि उन्होंने भारत-पाकिस्तान के बीच युद्ध खत्म करवाया, इसका जवाब देने की भाजपा वालों के पास हिम्मत नहीं है। ट्रम्प कहता है कि कान पकड़ कर उपर खड़े हो जाओ, तो भाजपा वाले उपर खड़े हो जाते हैं। ट्रम्प के सामने भाजपा वालों की पैंट गिली हो जाती है। ट्रम्प के आगे भाजपा वालों की नहीं चलती है और गरीब किसानों को जेल में भेजते हैं। इन्हें शर्म नहीं आती है। अगर भाजपा वालों में हिम्मत है तो ट्रम्प को धमकी देकर दिखाओ, किसानों पर अपनी ताकत मत दिखाओ।
केजरीवाल ने कहा कि मैं भाजपा को चेतावनी दे रहा हूं कि उसकी उल्टी गिनती शुरू हो गई है। कांग्रेस ने लगभग 37 साल पहले किसानों पर गोलियां चलाई थीं। उसके बाद, वह गुजरात में कभी सत्ता में नहीं लौटी। भाजपा का भी यही हश्र होगा और वह अगले 50 साल तक सत्ता में नहीं आ पाएगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि किसानों पर इस तरह के अत्याचार का आदेश देने के लिए हर्ष संघवी को ‘‘पुरस्कार’’ के रूप में गृह राज्य मंत्री से उपमुख्यमंत्री के पद पर पदोन्नत किया गया।
केजरीवाल ने कहा कि भूपेंद्र पटेल अब ‘डमी सीएम’ बन गए हैं जबकि संघवी ‘सुपर सीएम’ हैं। यह पूरे पटेल समुदाय का अपमान है। उन्होंने कहा कि हाल में हुई बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों को प्रति हेक्टेयर 50,000 रुपये का मुआवजा दिया जाना चाहिए। पंजाब के मुख्यमंत्री मान ने भाजपा नेताओं को ‘‘काले अंग्रेज’’ कहा। मान ने कहा, ‘‘हमने आजादी की लड़ाई इसलिए नहीं लड़ी थी कि ये काले अंग्रेज आएं। वे हमें लूटने में लगे हैं। वे हमारे खिलाफ मुकदमे दर्ज कर रहे हैं। हमें इस तरह की गुलामी से छुटकारा पाना होगा। आप लोग एकजुट रहें, हम आपका साथ देंगे। अरविंद केजरीवाल और पूरी टीम आपके साथ है।’’
