शहर

16 साल बाद CBI के हत्थे चढ़ा दोहरे हत्याकांड का फरार आरोपी, 5 लाख का था इनामी

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने 16 सालों से फरार एक वांछित अपराधी परस राम उर्फ राजू शर्मा को गिरफ्तार किया है। वह राजस्थान में हुए एक चर्चित दोहरे हत्याकांड का मुख्य आरोपी था और उस पर पहले 5 लाख रुपए का इनाम घोषित था। आरोपी को नई दिल्ली से गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां उसे तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया।

Image

CBI को मिली बड़ी कामयाबी (फाइल फोटो)

Photo : PTI

CBI Arrests Fugitive: केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने लगभग 16 सालों से फरार एक वांछित अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान परस राम उर्फ़ राजू शर्मा के रूप में हुई है, जो राजस्थान में हुए एक चर्चित दोहरे हत्याकांड का मुख्य आरोपी था। इस पर पहले 5 लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया था। सीबीआई ने शुक्रवार को जारी प्रेस नोट में बताया कि यह मामला 6 अप्रैल 2011 को दर्ज किया गया था।

छह लोगों को बनाया गया था आरोपी

जानकारी के मुताबिक, इसे राजस्थान हाईकोर्ट, जयपुर पीठ के निर्देश के बाद दर्ज किया गया था, जिसमें कुल छह लोगों को आरोपी बनाया गया था। जांच के अनुसार, 29 जुलाई 2010 को आरोपियों ने राजस्थान के कामां क्षेत्र में एक घर में घुसकर अवैध हथियारों से ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस हमले में मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई, जिसमें एक पिता-पुत्र शामिल थे। दोनों मृतक उस समय के एक अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश के परिवार के सदस्य बताए गए। इस हमले में दो अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए।

लंबे समय तक फरार था आरोपी

सीबीआई की जांच में पता चला कि इस मामले का आरोपी परस राम केस दर्ज होने के बाद से ही फरार था। लंबे समय तक पकड़ में न आने के कारण अदालत ने उसे घोषित अपराधी करार दिया। अदालत ने उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया और उस पर 5 लाख रुपए का इनाम भी घोषित किया। उसकी गिरफ्तारी नहीं होने के कारण उसके खिलाफ ट्रायल की कार्रवाई भी अस्थायी रूप से रोक दी गई थी।

पहचान बदलकर रह रहा था आरोपी

सीबीआई ने बताया कि तकनीकी डेटा और फील्ड इंटेलिजेंस के विश्लेषण के बाद एजेंसी को आरोपी के ठिकाने की अहम जानकारी मिली। जांच में यह खुलासा हुआ कि परस राम ने अपनी पहचान बदलकर राजू शर्मा के नाम से रहना शुरू कर दिया था। खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए सीबीआई ने 5 मार्च को नई दिल्ली से आरोपी को गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी अदालत द्वारा जारी स्थायी वारंट के तहत की गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को सक्षम अदालत में पेश किया गया, जिसने उसे तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। सीबीआई ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।

(इनपुट- आईएएनएस)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article